साल 2021 का आखिरी महीना आधा गुजर चुका है और नए साल की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में आईपीओ में निवेश करने वालों के लिए अच्छी खबर है। दरसअल, इस साल कई बड़ी कंपनियों के आईपीओ लॉन्च किए जा चुके हैं और अब एक और बड़ा आईपीओ आने को तैयार है, जहां निवेशक पैसा कमा सकते हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं ई-कॉमर्स मंच स्नैपडील की। कंपनी ने आईपीओ के माध्यम से 1250 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है।
सेबी के पास आवेदन दिया
देश के बड़े ई-कॉमर्स मंचों में से एक स्नैपडील ने आईपीओ के लिए अपने कदम आगे बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने बाजार नियामक सेबी के पास आईपीओ के लिए आवेदन किया है। मसौदा रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) के मुताबिक, आईपीओ के तहत 1,250 करोड़ रुपये का ताजा निर्गम और 3.07 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश का प्रस्ताव शामिल है। इस संबंध में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, आईपीओ से मिली पूंजी का इस्तेमाल विस्तार योजनाओं के वित्त पोषण और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। वहीं, एक्सिस कैपिटल, बोफा सिक्योरिटीज इंडिया, सीएलएसए इंडिया और जेएम फाइनेंशियल निर्गम के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा
स्नैपडील के आईपीओ में 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित होगा, जबकि इसका 10 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए और 15 फीसदी बच हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) के लिए आरक्षित होगा। अबतक कंपनी ने करीब 12 बार फंड जुटाए हैं। स्नैपडील के ग्राहकों की संख्या वैसे तो देशभर में अच्छी खासी है लेकिन टियर 2 शहरों में इसका दबदबा ज्यादा है। आईपीओ के पहले स्नैपडील की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी यूनिकॉमर्स ने सॉफ्टबैंक से करीब 30 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए निवेश हासिल किया है।
2010 में हुई थी स्नैपडील की स्थापना
आपको बता दें कि साल 2010 में स्नैपडील की स्थापना हुई थी। एक वक्त में ये कंपनी सबसे बड़े ई-कॉमर्स मंच अमेजन और फ्लिपकार्ट को टक्कर दे रही थी, लेकिन धीरे-धीरे ये कंपनी पिछड़ती गई। मार्च 2021 को समाप्त वित्त वर्ष में स्नैपडील को परिचालन से राजस्व 44 फीसदी गिरकर 4.7 अरब रुपये हो गया। स्नैपडील के अलावा वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट का आईपीओ भी लॉन्च होने को तैयार है और उम्मीद है कि अगले साल नवंबर या दिसंबर में इसे पेश किया जाएगा।