भारत-संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) को लागू हुए एक वर्ष पूरा हो चुका है। समझौते के बाद द्विपक्षीय व्यापार 84 अरब डॉलर पार हो गया है। यह द्विपक्षीय कारोबार का उच्चतम स्तर है। सीईपीए के कार्यान्वयन की पहली वर्षगांठ पर दुबई में अंतरराष्ट्रीय आभूषण प्रदर्शनी केंद्र का उद्घाटन किया गया।
इस समारोह भारत की तरफ से वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन व आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव राजेश कुमार सिंह व यूएई के अर्थव्यवस्था मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय व्यापार के सहायक अवर सचिव जुमा मोहम्मद अल-कैत शामिल हुए। सिंह ने कहा, व्यापार समझौता द्विपक्षीय व्यापार संबंधों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
लंदन में भारतीय उच्चायोग को नुकसान ठीक नहीं था : एलिस
भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त, एलेक्स एलिस ने कहा, लंदन में भारतीय उच्चायोग को नुकसान ठीक नहीं था। अगर ब्रिटेन के एक मिशन में इसी तरह की घटना होती तो वह ‘समान रूप से नाराज’ होते। एलिस ने एक आयोजन में कहा, जो हुआ उसके बारे में मैं यहां के गुस्से को पूरी तरह से समझता हूं।
भारत-ईयू का एफटीए व निवेश संरक्षण समझौते पर साझा बयान
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और निवेश संरक्षण समझौते पर चर्चा करते हुए जोर दिया कि कनेक्टिविटी परियोजनाओं को संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए। दोनों पक्षों ने दिल्ली में सोमवार को आयोजित अपनी चौथी रणनीतिक साझेदारी समीक्षा बैठक में इन मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बुधवार को जारी एक साझा बयान में कहा गया है कि भारत और ईयू ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार यूक्रेन में व्यापक, न्यायसंगत और स्थायी शांति की जरूरत को भी रेखांकित किया। दोनों पक्षों ने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की उसके सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में स्पष्ट रूप से निंदा की। इसमें सीमा पार हमले भी शामिल हैं।
भारतीय उद्योग परिसंघ ने भारत-इस्राइल व्यापार मंच में समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इनमें इस्राइली निर्माता संघ, निर्यात व अंतरराष्ट्रीय सहयोग संस्थान व इस्राइल-एशिया चैंबर ऑफ कॉमर्स से समझौता ज्ञापन शामिल हैं।