देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 4.532 अरब डॉलर बढ़कर 588.78 अरब डॉलर हो गया। इससे पिछले सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.164 अरब डॉलर घटकर 584.248 अरब डॉलर रह गया था। इससे पहले अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया था।
भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जारी किए गए आंकड़े
देश के फॉरेक्स रिजर्व में लगातार गिरावट दर्ज की गई क्योंकि केंद्रीय बैंक ने मुख्य रूप से वैश्विक घटनाक्रमों के कारण दबाव के बीच रुपये को बचाने के लिए अपने विदेशी भंडार का उपयोग किया था। रिजर्व बैंक की ओर से जारी साप्ताहिक सांख्यिकी पूरक के अनुसार 28 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा आस्तियां करीब पांच अरब डॉलर बढ़कर 519.485 अरब डॉलर हो गईं।
28 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान देश के स्वर्ण भंडार में 49.4 करोड़ डॉलर की गिरावट
डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में वृद्धि या गिरावट का प्रभाव भी शामिल होता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि देश का स्वर्ण आरक्षित भंडार 49.4 करोड़ डॉलर घटकर 45.657 अरब डॉलर रह गया। वहीं विशेष आहरण अधिकारी यानी एसडीआर 3.5 करोड़ घटकर 18.466 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में आईएमएफ में देश का आरक्षित भंडार 40 लाख डॉलर घटकर 5.172 अरब डॉलर रह गया।
21 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान फॉरेक्स रिजर्व में आई थी गिरावट
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 21 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान 2.164 अरब डॉलर घटकर 584.248 अरब डॉलर रह गया था। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 1.657 अरब डॉलर बढ़कर 586.412 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।