फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोर सेक्टर में उछाल: अक्तूबर में वृद्धि दर बढ़कर 10.9% पर पहुंची, लौह अयस्क और कोयले में कितनी रफ्तार

Fri, 20 Nov 2026 05:27 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • अक्तूबर में भारत का कोर सेक्टर 10.9% की दर से बढ़ा।
  • जानिए लौह अयस्क, कोयला, बिजली में भारी तेजी और कच्चे तेल व गैस में गिरावट की पूरी रिपोर्ट।
विज्ञापन
भारतीय अर्थव्यवस्था। - फोटो : amarujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश के बुनियादी ढांचा क्षेत्र (इन्फ्रास्ट्रक्चर) ने अक्तूबर महीने में औद्योगिक गतिविधियों में मजबूत तेजी के संकेत दिए हैं। प्रमुख बुनियादी उद्योगों के उत्पादन की वृद्धि दर अक्टूबर में बढ़कर 10.9 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो इससे पिछले महीने यानी सितंबर में 8.2 प्रतिशत दर्ज की गई थी। मुख्य रूप से लौह अयस्क (आयरन ओर), कोयला और बिजली उत्पादन में आए जोरदार उछाल ने आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक (आईसीआई) को दोहरे अंकों की वृद्धि हासिल करने में अहम सहारा दिया है। 

कोर सेक्टर के ताजा आंकड़ों में क्या निकलकर आया है?

आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर इंडेक्स ऑफ कोर इंडस्ट्रीज (आईसीआई) ने अक्टूबर 2025 की तुलना में 10.9 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की है। यह सितंबर 2026 में दर्ज 8.2 प्रतिशत की अंतिम सूचकांक वृद्धि की तुलना में उल्लेखनीय सुधार को दर्शाता है। प्रमुख बुनियादी उद्योगों में दर्ज यह तेजी देश के समग्र औद्योगिक उत्पादन और आर्थिक गतिविधियों के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

किन उद्योगों ने उत्पादन वृद्धि में सबसे आगे रहकर अगुवाई की?

अक्तूबर माह के दौरान आठ प्रमुख कोर उद्योगों में से अधिकांश क्षेत्रों ने मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया। इनमें विशेष रूप से खनन और भारी उद्योगों की वृद्धि दर काफी तेज रही:

  • लौह अयस्क (Iron Ore): लौह अयस्क क्षेत्र ने सभी आठ उद्योगों में सबसे अधिक 26.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।
  • कोयला (Coal): ऊर्जा मांग और बिजली उत्पादन की जरूरतों के बीच कोयला उत्पादन में 23.1 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी हुई।
  • बिजली (Electricity): औद्योगिक व त्योहारी मांग के चलते बिजली क्षेत्र ने 21.6 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दिखाई।
  • सीमेंट (Cement): निर्माण गतिविधियों में तेजी के दम पर सीमेंट उत्पादन 15.4 प्रतिशत बढ़ा।
  • स्टील (Steel): बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में खपत के सहारे स्टील उत्पादन में 7.3 प्रतिशत का इजाफा हुआ।
  • रिफाइनरी उत्पाद (Refinery Products): पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों में 3.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

हाल के महीनों में भी लौह अयस्क, बिजली, सीमेंट, कोयला और स्टील ही कोर इंडस्ट्रीज के सूचकांक में समग्र वृद्धि के मुख्य चालक रहे हैं।

किन प्रमुख क्षेत्रों के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई?

जहां एक ओर खनन और बिजली क्षेत्र में जोरदार उछाल रहा, वहीं हाइड्रोकार्बन और कृषि से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण इनपुट क्षेत्रों के प्रदर्शन पर दबाव देखने को मिला। अक्तूबर के दौरान प्राकृतिक गैस (Natural Gas), कच्चा तेल (Crude Oil) और उर्वरक (Fertilisers) के उत्पादन में नकारात्मक वृद्धि (गिरावट) दर्ज की गई। इन क्षेत्रों में आई नरमी ने समग्र कोर सेक्टर के आंकड़े को और अधिक ऊंचाई छूने से सीमित किया।

अप्रैल से अक्तूबर की संचयी वृद्धि की क्या स्थिति है?

चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्तूबर 2026) के दौरान संचयी आधार पर भी बुनियादी ढांचा क्षेत्र का प्रदर्शन पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर रहा है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान कोर सेक्टर सूचकांक की संचयी वृद्धि दर अनंतिम रूप से 6 प्रतिशत दर्ज की गई है। पिछले वर्ष से ढाई गुना अधिक पिछले वित्त वर्ष की इसी समान अवधि (अप्रैल-अक्तूबर) में यह संचयी विकास दर महज 2.3 प्रतिशत रही थी। यह मजबूत संचयी उछाल रेखांकित करता है कि विनिर्माण और पूंजीगत परियोजनाओं में लगातार मांग बनी हुई है, जिससे आने वाले महीनों में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) को भी मजबूती मिलने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें