भारत का चीनी निर्यात बढ़ता जा रहा है। भारत ने चालू विपणन वर्ष 2024-25 के 6 जून तक 5.16 लाख टन चीनी का निर्यात किया है। व्यापार निकाय अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। चीनी विपणन वर्ष अक्टूबर से सितंबर तक चलता है। भारत में 2024-25 विपणन वर्ष के लिए चीनी निर्यात की अनुमति 20 जनवरी 2025 को दी गई थी। निर्यात की अधिकतम मात्रा 10 लाख टन तय की गई है।
6 जून तक 5,16,782 टन चीनी का हुआ निर्यात
एआईएसटीए के अनुसार, मिलों ने चालू विपणन वर्ष के 6 जून तक कुल 5,16,782 टन चीनी का निर्यात किया है। इसमें से सफेद चीनी का 4.09 लाख टन, परिष्कृत चीनी का 81,845 टन और कच्ची चीनी का 25,382 टन निर्यात हुआ। और लगभग 23,219 टन चीनी लोडिंग अंडर लोडिंग है।
सोमालिया में किया गया सबसे अधिक निर्यात
एआईएसटीए ने बताया कि अब तक किए गए कुल निर्यात में से, अधिकतम शिपमेंट सोमालिया को 1,18,553 टन, उसके बाद श्रीलंका को 76,401 टन, अफगानिस्तान को 72,833 टन और जिबूती को 69,609 टन रहा है। संघ ने ने हाल ही में कहा था कि कुल चीनी निर्यात अनुमत 10,00,000 टन में से 8,00,000 टन तक पहुंच सकता है।