आईपीपीबी में 100 फीसदी हिस्सेदारी सरकार की है। इसमें घर तक 2.60 लाख डाकसेवक और 40 हजार डाकिए लोगों को बैंकिंग सुविधाएं मुहैया कराएंगे। इसमें आधार और क्यूआर कोड के जरिए भुगतान होगा। क्यूआर कोड कार्ड में खाता या अन्य नंबर याद रखने की जरूरत ग्राहक को नहीं है। यह बहुत ही सुरक्षित है और इसमें किसी भी तरह से सेंध लगाना मुमकिन नहीं है।
लोगों को मिलेगी लोन व बीमा की सुविधा
आईपीपीबी खाते की सीमा एक लाख रुपये रखी गई है, जबकि ऋण और बीमा की सुविधा पंजाब नेशनल बैंक तथा बजाज एलियांज के साथ साझेदारी से मुहैया कराई जाएगी। आईपीपीबी में चालू खाता, बचत खाता, धन हस्तांतरण, डीबीटी, बिल यूटिलिटी, उद्यम एवं व्यापार संबंधी भुगतान की सेवाएं मुहैया करायी जाएंगी।
इसमें ग्राहकों को काउंटर सेवा, माइक्रो एटीएम, मोबाइल बैंकिंग एप, एसएमएस और आईवीआर की सेवाएं मिलेंगी।बचत खाते में फिलहाल 4 प्रतिशत ब्याज मिलेगा और किसी भी सेवा के लिए शुल्क नहीं लिया जाएगा।