भारत को यूरोप से जोड़ने वाले महत्वकांक्षी IMEC प्रोजेक्ट के लिए भारत बेहद अहम है। भारत में इटली के राजदूत फ्रांसेस्को टालो का ये कहना है। टालो ने कहा कि भारत एक बड़ा बाजार और उत्पादक देश है। साथ ही उन्होंने कहा कि आईएमईसी प्रोजेक्ट व्यापार, ऊर्जा और डाटा कनेक्टिविटी के बारे में है और इन तीनों ही सेक्टर में भारत प्रमुख खिलाड़ी है।
क्यों अहम है आईएमईसी का प्रोजेक्ट
भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारा (IMEC Project), भारत, सऊदी अरब और यूरोप को एक विशाल सड़क, रेलमार्ग और शिपिंग नेटवर्क से जोड़ेगा। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य एशिया, पश्चिम एशिया और पश्चिम के बीच एकीकरण सुनिश्चित करना है। सितंबर 2023 में दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में इस परियोजना को अंतिम रूप दिया गया था। पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में इटली के राजदूत फ्रांसेस्को टालो ने कहा कि इस महत्वकांक्षी परियोजना की शुरुआत बहुत उम्मीदों के साथ की गई थी। खासकर वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों से उत्पन्न अस्थिरता और अनिश्चितता के बीच ऐसे प्रोजेक्ट की खास जरूरत है।
डेटा 21वीं सदी का ईंधन
टालो ने कहा कि 'भारत निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह एक विशाल बाजार है। यह एक बड़ा उत्पादक देश है। इसलिए, दोनों ही पहलुओं से, यह बहुत महत्वपूर्ण है। यह परियोजना व्यापार, और वस्तुओं के आदान-प्रदान, साथ ही ऊर्जा और डेटा से भी संबंधित है। और भारत इन तीनों क्षेत्रों में अग्रणी है। इसलिए, बेशक, भारत महत्वपूर्ण हैं। टालो ने कहा कि ब्लू रमन नामक एक केबल (परियोजना) है, जो मुंबई को भूमध्य सागर में इतालवी बंदरगाह जेनोआ से जोड़ेगी, और फिर जेनोआ से पूरे यूरोप को जोड़ेगी। यह महत्वपूर्ण है क्योंकि डेटा व्यावहारिक रूप से 21वीं सदी का ईंधन है।
ये भी पढ़ें-
Tariff: अमेरिका में दिखने लगा ट्रंप के टैरिफ का असर, सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर ने बताया क्या बदला
उन्होंने भौतिक कनेक्टिविटी के अलावा डिजिटल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया, जो डेटा केंद्रों को सशक्त बनाने में मदद करेगी और हमारी कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हमारी तकनीकों और समग्र अर्थव्यवस्था को और अधिक संभावनाएं और मजबूती प्रदान करेगी।