अनुभवी पेशेवरों की मांग बढ़ी (सांकेतिक तस्वीर)।
- फोटो : सोशल मीडिया
देश का रोजगार बाजार नवंबर में त्योहारी सीजन के पूर्व स्तर पर पहुंच गया है। मासिक आधार पर 27 फीसदी और सालाना आधार पर 43 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। एक रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष की पहली छमाही के उछाल के समय की तुलना में मिश्रित रुझान का पता चलता है। इसमें भर्ती गतिविधियों में उच्च वृद्धि देखी गई थी।
बीमा क्षेत्र में 42 फीसदी की मजबूत वृद्धि देखी गई। बैंकिंग और रियल एस्टेट क्षेत्रों में क्रमश: 34 फीसदी और 31 फीसदी की बढ़त रही। तेल क्षेत्र में 24 फीसदी का उछाल आया है। यात्रा-हॉस्पिटैलिटी और वाहन क्षेत्रों में 20 फीसदी और 14 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। पहली छमाही में मासिक औसत की तुलना में आईटी में भर्ती में 8 फीसदी की गिरावट आई है।
एड-टेक और खुदरा क्षेत्र में मंदी के साथ शिक्षा क्षेत्र में 6 फीसदी की गिरावट आई है। खुदरा में 7 फीसदी की गिरावट आई है। फार्मा, बीपीओ व टेलीकॉम में भर्ती गतिविधियां सुस्त रही हैं। गैर-महानगरों में अहमदाबाद में 33 फीसदी की वृद्धि रहीं। वडोदरा में 23 फीसदी, जयपुर में 15 फीसदी व कोयम्बटूर में 8 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। अनुभवी पेशेवरों की मांग बढ़ी है। वरिष्ठ स्तर के पेशेवरों की मांग में 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
दिल्ली-एनसीआर में 20 फीसदी की बढ़त
पहली छमाही के मासिक औसत की तुलना में दिल्ली-एनसीआर में नई नौकरियों में सबसे ज्यादा 20 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में विकास दर क्रमशः 17 फीसदी, 10 फीसदी और 8 फीसदी थी।
- हैदराबाद और बंगलूरू में एक और पांच फीसदी की गिरावट रही जबकि पुणे में 5 फीसदी की बढ़त रहीं। कोच्चि और चंडीगढ़ में स्थिरता रही।