यदि आपको अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करना है, तो वास्तव में ITR दाखिल करने से पहले आपको कुछ तैयारी करने की जरूरत है। टैक्स एक्सपर्ट और निवेश सलाहकार बलवंत जैन बता रहे हैं उन प्रमुख तैयारियों के बारे में, जो ITR दाखिल करने के लिए पहले से करनी जरूरी है।
पहले आयकर विभाग आपको ऑनलाइन फॉर्म नंबर 26AS उपलब्ध करवाता था, जिसमें आपके स्रोत पर कर कटौती (TDS), स्रोत पर कर संग्रह (TCS), आपके द्वारा भुगतान किए गए कर और आयकर विभाग द्वारा आपको जारी किए गए इनकम टेक्स रिफंड के विवरण होते थे। फॉर्म 26AS में उन सभी लेनदेन का विवरण भी होता था जिन पर टेक्स काटा या संग्रहित किया गया था। आयकर विभाग ने 2021 के बाद से वार्षिक सूचना विवरण (AIS) भी उपलब्ध करवाना शुरू किया हैं, जिसने करदाताओं को ITR सही ढंग से दाखिल करने में मदद करने के लिए उपलब्ध डेटा के दायरे को व्यापक रूप से बढ़ा दिया है।
अब तक आपको TDS के लिए सभी फॉर्म, जैसे फॉर्म नंबर 16 या फॉर्म नंबर 16A प्राप्त हो गए होंगे। कृपया सत्यापित करें कि आपके नियोक्ता द्वारा जारी किए गए फॉर्म नंबर 16 में आपका PAN सही ढंग से लिखा हुआ है। यदि आपने पुरानी कर व्यवस्था चुनी है तो यह भी बराबर देख लें कि आपके द्वारा दावा की गई सभी छूट वाले भत्ते जैसे HRA, LTA आदि फॉर्म 16 में सही ढंग से छूट के रूप में दिखाए गए हैं। हो सकता है कि आपके द्वारा नियत समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा न करने के कारण इसमे कुछ विसंगति हो और परिणामस्वरूप आपके नियोक्ता ने ऐसे भत्तो को कर योग्य मानकर उस पर आयकर काट लिया हो।
भले ही आप नियत तारीख तक अपना ITR दाखिल न कर पाएं, आपको ITR दाखिल करने की नियत तारीख तक कुछ चीजें करनी होंगी। सामान्य तौर पर ITR दाखिल करने की नियत तारीख 31 जुलाई होती हैं जो इस साल के लिए बढ़ाकर 15 सितम्बर 2025 कर दी गई है।
कर योग्य लॉन्ग टर्म केपिटल गेन के संबंध में, आप आवासीय मकान में निवेश करके धारा 54, व धारा 54F आदि के तहत छूट का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि आयकर कानून आपको ITR की नियत तारीख से आगे की अवधि तक आवासीय मकान में निवेश करने की अनुमति देता है, परंतू यह आवश्यक है कि आप जितनी राशि, ITR दाखिल करने की नियत तारीख तक इस्तेमाल नही कर पाए हैं उतनी राशि को केपिटल गेन अकाउन्ट योजना के तहत निर्दिष्ट बैंकों में ITR की नियत तारीख तक बैंक खाते में जमा करें। इस तरह की अग्रिम तैयारी के साथ आपका ITR दाखिल करना सुचारू रूप से सही होगा, और इसमें कोई भी गलती रहने की संभावना भी नगण्य होगी।