बुधवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतें तीन साल के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। अगर सरकार ने बजट में किसी तरह की कोई राहत नहीं दी, तो फिर पेट्रोल 100 रुपये तो डीजल 90 रुपये के करीब पहुंच सकता है। हालांकि जानकारों का कहना है कि बजट में वित्त मंत्री अरुण जेटली एक्साइज ड्यूटी में कटौती की घोषणा करके आम जनता को राहत दे सकते हैं।
चार महानगरों में यह रही पेट्रोल की कीमत
बुधवार को देश के चार महानगरों में पेट्रोल की कीमत तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। दिल्ली में पेट्रोल 72.43 रुपये प्रति लीटर रहा, जो कि अगस्त 2014 में 72.51 रुपये था। कोलकाता में यह 75.13 रुपये रहा, मुंबई में 80.15 रुपये और चेन्नई में 75.12 रुपये रहा।
अगस्त 2014 में मुंबई में पेट्रोल 80.60 रुपये रहा था, वहीं चेन्नई में यह 75.78 रुपये रहा था। कोलकाता में पेट्रोल का इससे पहले सबसे उच्चतम प्राइस अक्टूबर 2014 में रहा था जब दाम 75.46 रुपये रहा था।
मुंबई में 68 रुपये पहुंचा डीजल का दाम
दिल्ली में डीजल का दाम 63.38 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में यह 66.04, 67.50 और 66.84 रुपये प्रति लीटर पर रहा। डीजल का उपयोग ज्यादातर खाने-पीने की वस्तुओं को ट्रांसपोर्ट करने के लिए होता है। अगर डीजल का दाम ऐसे ही बढ़ता रहा तो फिर महंगाई बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता है।