रूस से भारत का जुलाई में कच्चे तेल का आयात नौ माह में पहली बार कम हुआ है। ओपेक और अन्य देशों में उत्पादन कटौती से सऊदी अरब से भी ढाई वर्षों में आयात सबसे कम हो गया। आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में तेल के तीसरे सबसे बड़े आयातक भारत और चीन ने रूस और सऊदी अरब से तेल की कीमतें बढ़ने से जुलाई में आयात घटा दिया था। इस वजह से रूस और सऊदी को उत्पादन भी घटाना पड़ गया। सऊदी अरब ने जुलाई से सितंबर तक उत्पादन में 10 लाख बैरल प्रति दिन (बीपीडी) की कटौती की है। रूस भी अगस्त में निर्यात में 5 लाख बीपीडी की कटौती करेगा। रूस से आयात 5.7% गिरकर 18.5 लाख बीपीडी व सऊदी अरब से 26% गिरकर 4.70 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया। कुल आयात जुलाई में 5.2% घटकर 44 लाख बीपीडी रहा।
होंडा कार्स एक सितंबर से वाहनों के बढ़ाएगी दाम
होंडा कार्स इंडिया बढ़ती लागत के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए सितंबर से वाहनों की कीमतें बढ़ाने की योजना बना रही है। यह भारत में सिटी और अमेज बेचती है। हालांकि, कीमतें कितनी बढ़ेंगी, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।
जियो फाइनेंशियल : एलआईसी ने खरीदा 6.66 फीसदी हिस्सा
एलआईसी ने जियो फाइनेंशियल सर्विसेस में 6.66% हिस्सेदारी खरीदी है। एलआईसी ने शेयर बाजारों को बताया, हिस्सा खरीदने का मूल्य रिलायंस इंडस्ट्रीज से जियो के अलग होने से पहले की लागत का 4.68% था। जियो में अंबानी परिवार के पास 46% हिस्सा है।
पहली तिमाही में 8.5 फीसदी रहेगी विकास दर: इक्रा
भारतीय अर्थव्यवस्था चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 8.5 फीसदी की रफ्तार से बढ़ सकती है। जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान आर्थिक वृद्धि दर 6.1 फीसदी रही थी। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने कहा, अनुकूल आधार प्रभाव व सेवा क्षेत्र में सुधार से वृद्धि तेज रह सकती है। आरबीआई ने अप्रैल-जून, 2023 तिमाही में वृद्धि दर 8.1 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है। इस तरह इक्रा का अनुमान केंद्रीय बैंक से अधिक है।