ईडी ने मंगलवार को नागालैंड, असम और तमिलनाडु में एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत की गई, जो मानव बालों के निर्यात के नाम पर कथित अवैध वित्तीय लेनदेन की जांच से जुड़ी है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह छापेमारी ईडी के दीमापुर कार्यालय की ओर से शुरू की गई। इसमें दीमापुर व गुवाहाटी में दो-दो स्थानों पर व चेन्नई में तीन परिसरों में तलाशी ली गई। बताया गया कि ईडी नागालैंड कार्यालय द्वारा FEMA के तहत की गई यह पहली कार्रवाई है। जांच का संबंध लीमा इमसोंग नामक व्यक्ति और कुछ अन्य लोगों से जोड़ा गया है।
एजेंसी की जांच में सामने आया है कि इमसोंग ग्लोबल सप्लायर्स कंपनी, जो लीमा इमसोंग के स्वामित्व में है, ने विदेशों से भारी रकम प्राप्त की, जबकि यह कारोबार दीमापुर जैसे क्षेत्र में न तो आम है और न ही व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, कंपनी निर्धारित समयसीमा के भीतर शिपिंग बिल, निर्यात चालान और अन्य जरूरी दस्तावेज अधिकृत बैंकों को उपलब्ध कराने में विफल रही। एजेंसी ने कहा कि निर्यात दायित्वों की पूर्ति न करना और दस्तावेजों को छिपाना एफईएमए और आरबीआई के निर्देशों का उल्लंघन है।