ICICI Bank Q1 Results: आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) का स्टैंडअलोन मुनाफा चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 50% बढ़कर 6905 करोड़ रुपये हो गया है। नतीजों के अनुसार कंपनी के बैड लोन (Bad Loans) के आंकड़ों में भी गिरावट दर्ज की गई है। देश में निजी क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक ने पिछले साल इसी अवधि में 4616 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में अप्रैल से जून की तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आमदनी बढ़कर 28,336.74 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की कुल आमदनी 24379.27 करोड़ रुपये थी। यह जानकारी आईसीआईसीआई बैंक की ओर से जारी पहली तिमाही के आंकड़ों में दी गई है।
आंकड़ों के अनुसार ब्याज से आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) को पहली तिमाही (First Quarter) के दौरान 23671.54 करोड़ रुपये की आमदनी हुई जबकि पिछले वर्ष पहली तिमाही में बैंक को ब्याज से 20383.41 करोड़ रुपये की आय हुई थी।
आईसीआईसीआई बैंक के बैड लोन के आंकड़े लगभग आधे हो जाने से निजी क्षेत्र के बैंक की माली हालत सुधरी है। कंपनी के बैड लोन की जो राशि पिछले साल की पहली तिमाही में 2851.69 करोड़ रुपये थी वह इस साल की पहली तिमाही में घटकर 1143.82 करोड़ रह गई। बैड लोन की राशि कम होने से बैंक को अपना मुनाफा बेहतर करने में मदद मिली है।
समेकित आधार पर देखें तो आईसीआईसीआई बैंक ने पिछले वित्त वर्ष की तुलना में इस साल 55 प्रतिशत शुद्ध मुनाफा कमाया है। इस साल बैंक को 7385 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है, पिछले साल पहली तिमाही में बैंक को महज 4616 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।