एचडीएफसी बैंक के शेयरों में मंगलवार को करीब दो प्रतिशत की तेजी आई, इससे कंपनी का बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) 15 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह देश की तीसरी कंपनी बन गई।
बीएसई पर एचडीएफसी बैंक के शेयर 1.78 फीसदी चढ़कर 1,961.90 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 2.23 फीसदी चढ़कर 1,970.65 रुपये पर पहुंच गया, जो एक रिकॉर्ड स्तर है।
एनएसई पर कंपनी का शेयर 1.70 प्रतिशत बढ़कर 1,960 रुपये पर पहुंच गया। 9 अप्रैल से अब तक शेयर में 11.12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। जिससे इसका मूल्यांकन 1,50,289.64 करोड़ रुपये बढ़कर 15,01,289.37 करोड़ रुपये हो गया।
एचडीएफसी बैंक ने अब तक केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने ही 15 लाख करोड़ रुपये का बाजार पूंजीकरण (एमकैप) हासिल किया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 17,46,961.68 करोड़ रुपये है, जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का बाजार पूंजीकरण 12,00,499.53 करोड़ रुपये है। एचडीएफसी बैंक में खरीदारी से शेयर बाजारों में तेजी आई।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 187.09 अंक या 0.24 प्रतिशत चढ़कर 79,595.59 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 41.7 अंक या 0.17 प्रतिशत बढ़कर 24,167.25 अंक पर बंद हुआ।
एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि मार्च तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 7 प्रतिशत बढ़कर 18,835 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, बैंक ने आवास और कॉर्पोरेट ऋण खंडों में मूल्य निर्धारण से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताई, जिससे बैंक की ऋण वृद्धि प्रभावित हो रही है।
एकल आधार पर, देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के ऋणदाता ने तिमाही के लिए 17,616 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि एक वर्ष पूर्व इसी तिमाही में यह 16,512 करोड़ रुपये था।