आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी (GST) काउंसिल की बैठक है। इस बैठक से ऑटो सेक्टर को काफी उम्मीदें हैं। बैठक में ई-वाहनों पर कर में कमी के प्रस्ताव पर निर्णय लिया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि परिषद की 36वीं बैठक में सौर ऊर्जा उत्पादक प्रणालियों एवं विंड टर्बाइन परियोजनाओं पर जीएसटी लगाए जाने के बाबत उनमें वस्तुओं और सेवाओं के मूल्यांकन के विषय में भी फैसला किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आम लोगों के लिए भी फैसले लिए जा सकते हैं।
विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी बैठक
परिषद में राज्यों के वित्त मंत्री सदस्य हैं। इसकी यह बैठक विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। परिषद ने पिछले महीने आयोजित अपनी बैठक में इलेक्ट्रिक वाहनों, इलेक्ट्रिक चार्जरों एवं ई-वाहन किराये पर लेने पर जीएसटी लगाने से जुड़े मुद्दे को अधिकारियों की समिति को भेज दिया था।
इतनी घट सकती है जीएसटी दर
ई-वाहनों के घरेलू स्तर पर विनिर्माण को बढ़ावा देने को केंद्र ने जीएसटी की दर को 12 फीसदी से घटाकर पांच फीसदी करने की सिफारिश की है। पेट्रोल और डीजल कारों एवं हाइब्रिड वाहनों पर जीएसटी की दर पहले से 28 फीसदी पर है। साथ ही इन पर उपकर भी लिया जाता है।
इस मुद्दे पर भी होगा विचार
इसके साथ ही परिषद सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए कर ढांचे पर भी विचार करेगी। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मई में जीएसटी परिषद को कर ढांचे पर फिर से विचार करने को कहा था।