जीएसटी परिषद की जल्द ही बैठक होने वाली है। इस बैठक में कर की दरों में महत्वपूर्ण बदलावों को लेकर चर्चा होगी। साथ ही क्षतिपूर्ति उपकर के भविष्य पर विचार किया जा सकता है।
केंद्र सरकार जल्द ही वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की बैठक बुला सकती है। इस बैठक में कर (टैक्स) की दरों में बदलाव और क्षतिपूर्ति उप-कर जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, जीएसटी को आसान बनाने से जुड़े तीन या चार अलग-अलग मुद्दे हैं। इस बैठक में इन सब पर चर्चा होगी।
विज्ञापन
पिछले साल दिसंबर में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद की बैठक हुई थी। हालांकि, इस बैठक में कर की दरों में बदलाव और स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा पर दर में कमी को लेकर मंत्री समूहों (जीओएम) की रिपोर्ट पर कोई चर्चा नहीं हुई थी।
दरों में कमी और कुछ श्रेणियों को छूट प्रदान करने की सिफारिश करने वाले दो मंत्री समूह ने अभी तक जीएसटी परिषद को अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश नहीं की है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में क्षतिपूर्ति उपकर (कंपनसेशन सेस) के भविष्य पर विचार हो रहा है कि मार्च 2026 के बाद इस उप कर को जारी रखा जाए या नहीं।
उपकर के इस्तेमाल से सरकार ने कोविड के नुकसान की भरपाई की
अभी तक मुआवजा उपकर कुछ खास सामानों जैसे लक्जरी वस्तुओं और तंबाकू पर लिया जाता है। इसका इस्तेमाल सरकार ने कोविड के दौरान लिए गए कर्ज को चुकाने के लिए किया है, ताकि जीएसटी राजस्व में राज्यों को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। जीओएम अब इस बात का अध्ययन कर रहा है कि उपकर से प्राप्त राजस्व को किसी अन्य रूप में कैसे रखा जाए। साथ ही, इसे केंद्र और राज्यों के बीच कैसे बांटा जाए।