जीएसटी से सरकार को जनवरी माह में 10 महीने में दूसरी बार सर्वाधिक कमाई हुई है। जीएसटी कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। हालांकि यह दिसंबर और पिछले साल के मुकाबले भी ज्यादा है। हालांकि अप्रैल के बाद अक्तूबर में भी जीएसटी कलेक्शन 1 लाख करोड़ के पार चला गया था।
वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में जीएसटी से कुल कमाई 1.02 लाख करोड़ के पार चला गया है। दिसंबर माह में जीएसटी की कमाई 94725 करोड़ रुपये था। वहीं पिछले साल जनवरी में यह कमाई 89825 करोड़ रुपये हुई थी। यह इस साल करीब 14 फीसदी ज्यादा है।
वित्त मंत्रालय ने बताया कि जनवरी में कुल रिटर्न फाइल करने वालों की संख्या 73.3 लाख पहुंच गई। जनवरी में जो कलेक्शन हुआ है उसमें केंद्रीय जीएसटी से 17763 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी से 24826 करोड़ रुपये और संयुक्त जीएसटी से 51225 करोड़ रुपये व सेस से 8690 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इस तरह सेटलमेंट के बाद केंद्र को 36107 करोड़ रुपये और राज्यों को 39503 करोड़ रुपये मिले थे।
केंद्र सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कानून के तहत स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) तथा स्रोत पर कर संग्रह (टीसीएस) प्रावधानों को एक अक्तूबर से लागू कर दिया है। केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) अधिनियम के मुताबिक, अधिसूचित कंपनियों को 2.5 लाख रुपये से अधिक की वस्तुओं या सेवाओं की आपूर्ति के भुगतान पर एक फीसदी टीडीएस काटना जरूरी होगा। साथ ही, राज्य कानूनों के तहत राज्य एक फीसदी टीडीएस वसूलेंगे।