सरकार ने संकटग्रस्त गो फर्स्ट की ओर से 10 भारतीय शहरों से संचालित की जाने वाली उड़ानों को इंडिगो और सऊदी अरब के दो एयरलाइंस को आवंटित करने का फैसला किया है। यह निर्णय नकदी की कमी से जूझ रहे गो फर्स्ट के परिचालन से जुड़ी अनिश्चितताओं को देखते हुए लिया गया है। तीन मई से गो फर्स्ट की सभी उड़ानें रद्द हैं।
गो फर्स्ट संकट को देखते हुए सरकार ने लिया निर्णय
नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल ने स्वैच्छिक दिवाला समाधान कार्यवाही के लिए बजट एयरलाइन की याचिका को भी स्वीकार कर लिया है। गो फर्स्ट संकट को देखते हुए चर्चा के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हज यात्रा के लिए उन उड़ानों को फिर से आवंटित करने का फैसला किया है, जिसे गो फर्स्ट की ओर से संचालित किया जाना था। एक अधिकारी ने मीडिया को बताया है कि गो फर्स्ट देश के विभिन्न शहरों ने हज यात्रा के लिए 10 उड़ानों का संचालन करने वाला था और अब उन उड़ानों का संचालन इंडिगो और दो सऊदी विमानन कंपनी सऊदी और फ्लाईडील की ओर से किया जाएगा।