दुनिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और आपूर्ति शृंखला में आए बदलावों के बीच घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी बुधवार को नए शिखर पर पहुंच गई। दिल्ली के बाजारों में चांदी की कीमत 5,000 रुपये की भारी छलांग लगाकर 2,56,000 रुपये प्रति किलोग्राम के अब तक के उच्चतम स्तर कारोबार करती दिखी।
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि इस अभूतपूर्व तेजी के पीछे दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कारण हैं। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित संपत्तियों की ओर मोड़ दिया है। हाल ही में अमेरिकी बलों द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ कार्रवाई और वहां के तेल संसाधनों पर नियंत्रण की कोशिशों ने अनिश्चितता का माहौल पैदा किया है, जिससे कीमती धातुओं की सुरक्षित मांग बढ़ी है।
एक विशेषज्ञ ने बताया कि 1 जनवरी से चांदी पर चीन की ओर से लगाए गए निर्यात प्रतिबंध प्रभावी हो गए हैं। दुनिया के प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं में से एक चीन की ओर से आपूर्ति सीमित किए जाने से कीमतों पर दबाव पड़ा है और औद्योगिक खरीदारों ने अपनी खरीदारी तेज कर दी है।
बुधवार को जहां चांदी में तेजी बरकरार रही, वहीं सोने की चमक थोड़ी फीकी पड़ गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 100 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,41,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। इससे पिछले सत्र में यह 1,41,500 रुपये पर बंद हुआ था।