सोना-चांदी मांर्केट - संकेतात्मक फोटो
- फोटो : pti
शुक्रवार को सोना 1,150 रुपये महंगा होकर रिकॉर्ड उच्च स्तर के करीब पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख के बीच आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 1,150 रुपये बढ़कर 78,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पहले बृहस्पतिवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोना 77,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एक दिन पहले कितना रहा भाव
चांदी की कीमत में भी 1,500 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 93,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बंद हुई। चांदी में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। बृहस्पतिवार को यह 91,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। सराफा कारोबारियों ने कहा, त्योहारी सीजन के दौरान घरेलू मांग में तेजी के साथ सकारात्मक वैश्विक रुख से सोने की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना 0.79 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 2,660.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 0.56 फीसदी बढ़कर 31.42 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
सकारात्मक वैश्विक रुख से सोने की कीमतों में तेजी
व्यापारियों ने कहा कि स्थानीय मांग में तेजी के साथ-साथ सकारात्मक वैश्विक रुख से सोने की कीमतों में तेजी आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के वायदा कारोबार में दिसंबर डिलिवरी वाले सोने का अनुबंध 613 रुपये बढ़कर 75,910 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का कारण
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष जतीन त्रिवेदी ने कहा, सोने की कीमतें ऊंची बनी हैं। मौजूदा रुझान की मुख्य वजह अमेरिकी आंकड़े हैं, जो ब्याज दरों में कटौती जारी रखने का समर्थन करते हैं। विशेष रूप से उच्च बेरोजगारी दावे और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें महंगाईजनित दबाव का संकेत हैं।
वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा...
एमसीएक्स में दिसंबर डिलिवरी वाले चांदी के अनुबंध की कीमत भी 900 रुपये बढ़कर 91,204 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 0.79 प्रतिशत बढ़कर 2,660.10 डॉलर प्रति औंस हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 0.56 प्रतिशत बढ़कर 31.42 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गयी।