अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों के बीच बढ़ी मांग के कारण बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतें 80,000 रुपये के स्तर पर पहुंच गईं। इस दौरान 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 300 रुपये मजबूत होकर करीब 80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मंगलवार को पिछले सत्र में यह 79,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 300 रुपये बढ़कर 79,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। मंगलवार को सोना 79,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में भी तेजी
चांदी की कीमत भी लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ 500 रुपये की तेजी के साथ करीब एक महीने के उच्चतम स्तर 92,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 92,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। व्यापारियों ने बताया कि स्थानीय बाजारों में आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की ओर से मांग बढ़ने से यह वृद्धि हुई है।
एमसीएक्स पर भी सोना-चांदी मजबूत
एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध की कीमत 43 रुपये बढ़कर 77,574 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर बुधवार को वायदा कारोबार में मार्च डिलीवरी चांदी अनुबंध की कीमत 224 रुपये यानी 0.25 प्रतिशत बढ़कर 91,097 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स सोना वायदा 0.09 प्रतिशत गिरकर 2,663.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, "चीन की मजबूत मांग से धारणा को बल मिलने से बुधवार को सोने में तेजी आई। मंगलवार को प्रकाशित आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में सोने के प्रमुख उपभोक्ता चीन ने लगातार दूसरे महीने दिसंबर में अपने भंडार में वृद्धि की है।"
डब्ल्यूजीसी की रिपोर्ट के अनुसार रिजर्व बैंक ने नवंबर 2024 में आठ टन सोना खरीदा
विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) ने सोमवार को एक रिपोर्ट में कहा कि दुनिया भर के केंद्रीय बैंक सामूहिक रूप से नवंबर 2024 में अपने भंडार में 53 टन सोना जोड़े। इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक ने आठ टन सोने की खरीदारी की। कॉमेक्स चांदी वायदा एशियाई बाजार में बढ़त के साथ 30.71 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर बोला गया। इस बीच, वाणिज्यिक खुफिया एवं सांख्यिकी महानिदेशालय (डीजीसीआईएस) के अनुसार, वाणिज्य मंत्रालय ने नवंबर के लिए सोने के आयात के आंकड़ों को 5 अरब डॉलर घटाकर 9.84 अरब डॉलर कर दिया है। डीजीसीआईएस वाणिज्य मंत्रालय की एक शाखा है। पिछले महीने जारी मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में देश का सोने का आयात चार गुना वृद्धि के साथ 14.86 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।