अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की बिकवाली के बीच राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने की कीमतों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और इसकी कीमत 170 रुपये की गिरावट के साथ 78,130 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु गुरुवार को 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।
औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के कारण चांदी की कीमत 1,850 रुपये गिरकर 88,150 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले सत्र में चांदी 90,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 170 रुपए घटकर 77,730 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि पहले इसका भाव 77,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
व्यापारियों ने पीली धातु की कीमतों में गिरावट का कारण स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ओर से सुस्त मांग को बताया। एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में शुक्रवार को फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध का भाव 50 रुपये अथवा 0.07 प्रतिशत बढ़कर 75,701 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
कॉमेक्स पर 2,600 डॉलर के स्तर पर सोने में मामूली खरीदारी देखी गई, साथ ही घरेलू एमसीएक्स बाजार में 75,500 रुपये के स्तर ने अस्थायी समर्थन के रूप में काम किया। ब्याज दर चक्र के आसपास की अनिश्चितताओं के कारण गति अस्थिर बनी हुई है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एवं करेंसी के उपाध्यक्ष अनुसंधान विश्लेषक जतीन त्रिवेदी ने कहा, "हालांकि फेड ने दरें कम रखने का निर्णय लिया है, लेकिन उसके अनुमानों में भविष्य में दरों में कम कटौती का संकेत दिया गया है, जिसके कारण पिछले दो दिनों से सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।"
इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी चांदी वायदा अनुबंध 647 रुपये या 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 86,540 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 13.10 डॉलर बढ़कर 2,621.20 डॉलर प्रति औंस हो गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "बाजार के खिलाड़ी आज आने वाले मुख्य व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) मूल्य सूचकांक आंकड़ों पर नजर रखेंगे और यदि वास्तविक आंकड़े अनुमान से अधिक आए तो कीमती धातुओं के शेयरों में अधिक बिकवाली देखी जाएगी।" विदेशी बाजार में चांदी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 29.29 प्रति औंस पर आ गई।