अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के रुख के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 200 रुपये घटकर 79,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। पिछले सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु 79,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
मंगलवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 200 रुपए घटकर 78,700 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि इससे पहले इसका भाव 78,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जानकारों के अनुसार, सोने पर निवेशक रक्षात्मक रुख अपनाए हुए है, क्योंकि बाजार अमेरिकी फेडरल रिजर्व (फेड) की बैठक के नतीजों का इंतजार कर रहा है, जो बुलियन कीमतों के लिए आगे का मार्गदर्शन प्रदान कर सकता है। इस बीच, एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध की कीमत 74 रुपये अथवा 0.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,945 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी के उपाध्यक्ष अनुसंधान विश्लेषक जतीन त्रिवेदी ने कहा, "सोना एक रेंज के भीतर कारोबार कर रहा है। बाजार प्रतिभागी आज रात फेड की नीति घोषणा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। फेड के 2025 के दृष्टिकोण और नौकरी बाजार से जुड़ी चिंताओं पर भी बाजार का ध्यान है।
एमसीएक्स पर सोना 76,950 रुपये के करीब कारोबार कर रहा है। त्रिवेदी ने कहा कि फेड की घोषणा से सोने की कीमतों में अगले चरण की चाल तय होने की उम्मीद है। हालांकि, एक्सचेंज में मार्च डिलीवरी चांदी का भाव 45 रुपये यानी 0.05 प्रतिशत गिरकर 90,830 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। एशियाई कारोबारी सत्र में कॉमेक्स सोना वायदा 0.08 प्रतिशत बढ़कर 2,664.10 डॉलर प्रति औंस हो गया।