फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CEO Resignation: सीईओ के अचानक इस्तीफे से गोदरेज कंज्यूमर के शेयर 11% टूटे, छह साल में सबसे बड़ी गिरावट क्यों?

Thu, 13 Aug 2026 07:32 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Godrej Consumer Share Price: गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में बुधवार को 11.2 फीसदी की तेज गिरावट आई और शेयर 910 रुपये पर बंद हुआ। सीईओ सुधीर सीतापति के अचानक इस्तीफे को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। उनका कार्यकाल 2031 तक बढ़ाया गया था, लेकिन तीन महीने बाद ही उन्होंने पद छोड़ दिया। अब आसिफ मालबारी को नया एमडी और सीईओ बनाया गया है। निवेशकों की चिंता इतनी क्यों बढ़ी? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
सीईओ के इस्तीफे के बाद शेयर में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में बुधवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। कंपनी के सीईओ सुधीर सीतापति के अचानक इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद शेयर 11 फीसदी से ज्यादा टूट गया। यह छह साल से ज्यादा समय में कंपनी के शेयर की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट रही। कारोबार के दौरान शेयर 11 फीसदी तक गिरकर 912.60 रुपये तक पहुंच गया और अंत में 11.2 फीसदी नीचे 910 रुपये पर बंद हुआ। इस गिरावट ने कंपनी की रणनीति और उसके आगे के कामकाज को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

सीईओ के इस्तीफे के बाद शेयर में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई?

सुधीर सीतापति ने मंगलवार से कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद से इस्तीफा दे दिया। खास बात यह है कि उनका कार्यकाल हाल ही में बढ़ाकर 2031 तक किया गया था और इस्तीफा दोबारा नियुक्त किए जाने के करीब तीन महीने बाद आया है। सीतापति ने अपने इस्तीफे में कहा कि उन्हें लगता है कि उन्होंने जो काम अपने लिए तय किया था, वह पूरा हो गया है और अब आगे बढ़ने का सही समय है। उनके अचानक जाने से निवेशकों के बीच कंपनी की रणनीति को लागू करने की गति और आगे की दिशा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- Explainer: राम मंदिर के सीईओ की रेस में कौन से नाम, इंटरव्यू में क्या पूछा जा रहा और अंतिम फैसला किसका?

अब कंपनी की कमान किसके हाथ में होगी?

सीतापति के इस्तीफे के बाद कंपनी ने मुख्य वित्त अधिकारी आसिफ मालबारी को पांच साल के लिए नया एमडी और सीईओ नियुक्त किया है। इसके लिए मालबारी ने मंगलवार से मुख्य वित्त अधिकारी पद से इस्तीफा दिया। उनकी जगह विशाल केडिया को अंतरिम मुख्य वित्त अधिकारी बनाया गया है। यानी कंपनी ने नेतृत्व में बदलाव के साथ तत्काल व्यवस्था भी कर दी है। हालांकि, बाजार में इस बदलाव को लेकर राय एक जैसी नहीं है। कुछ विश्लेषकों ने रणनीति के क्रियान्वयन को लेकर चिंता जताई है, जबकि कुछ ने कंपनी के शेयर पर सकारात्मक रुख बनाए रखा है।

ब्रोकरेज ने कंपनी के शेयर को लेकर क्या संकेत दिए?

सीतापति के अचानक इस्तीफे के बाद कुछ ब्रोकरेज ने कंपनी के शेयर को लेकर सतर्क रुख अपनाया है। एचएसबीसी ने शेयर की रेटिंग घटाकर ‘होल्ड’ कर दी और 1,120 रुपये का लक्ष्य मूल्य रखा। उसने शेयर के मूल्य-आय अनुपात को भी 45 गुना से घटाकर 40 गुना किया। सीएलएसए ने अंडरपरफॉर्म की रेटिंग बरकरार रखते हुए 772 रुपये का लक्ष्य दिया और व्यक्तिगत देखभाल तथा घरेलू कीटनाशक कारोबार में कमजोर वृद्धि को चुनौती बताया। दूसरी ओर सिटी, जेफरीज और गोल्डमैन सैक्स ने ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी। गोल्डमैन सैक्स ने हालांकि लक्ष्य मूल्य करीब 12 फीसदी घटाकर 1,175 रुपये किया।

क्या कंपनी की रणनीति में बड़ा बदलाव आने वाला है?

कंपनी के नेतृत्व में बदलाव के बावजूद उसकी रणनीतिक दिशा में तत्काल बड़े बदलाव की बात सामने नहीं आई है। सिस्टमेटिक्स इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 1,240 रुपये का लक्ष्य मूल्य दिया है। उसका मानना है कि मौजूदा नेतृत्व टीम प्रबंधन में बदलाव को बिना बड़े व्यवधान के संभाल सकती है। वहीं कंपनी के कारोबार में व्यक्तिगत देखभाल और घरेलू कीटनाशक जैसे क्षेत्रों में वृद्धि और बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की चुनौती बनी हुई है। ऐसे में आने वाले समय में निवेशकों की नजर नए नेतृत्व के कामकाज, रणनीति के क्रियान्वयन और कारोबार की गति पर रहेगी।

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें