एशिया के सबसे अमीर कारोबारी गौतम अदाणी लगातार अपने कारोबार का विस्तार करने में जुटे हैं। कारोबार का विस्तार करने के साथ उनकी संपत्ति भी लगातार बढ़ती जा रही है। ब्लूमबर्ग बिलिनियर इंडेक्स के मुताबिक, गौतम अदाणी की संपत्ति बढ़कर 137 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। दुनिया के अमीरों सूची में उनका चाैथा स्थान कायम है।
अंबानी ने डेढ़ गुना अमीर हुए अदाणी
बता दें कि इसी साल फरवरी महीने में पहली बार मुकेश अंबानी को दौलत के मामले में पछाड़कर गौतम अदाणी देश के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। उसके बाद से अदाणी और अंबानी की संपत्ति का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौजूदा समय में अंबानी की संपत्ति करीब 92.7 बिलियन डॉलर है और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें स्थान पर काबिज हैं।
दुनिया में अदाणी से अमीर सिर्फ तीन लोग
दुनिया में संपत्ति के मामले में गौतम अदाणी से आगे अब सिर्फ तीन लोग बचे हैं। इन लोगों में पहला नाम टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का आता है। मौजूदा समय में वे दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनके पास 260 बिलियन डॉलर की संपत्ति है। दूसरा नाम अमेजन के संस्थाजक जेफ बेजोस का आता है और वे 162 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। इस लिस्ट में तीसरा नाम लग्जरी गुड़ बनाने वाली कंपनी एलएमवीच के मालिक बर्नाड अर्नाल्ट का है। वे 146 बिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।
दुनिया में वर्ष 2022 में अदाणी की संपत्ति सबसे ज्यादा बढ़ी
वर्ष 2022 में संपत्ति बढ़ने के मामले में गौतम अदाणी दुनिया के सभी बड़े कारोबारियों से आगे हैं। उनकी संपत्ति में इस साल 60 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। अदांणी की संपत्ति में यह इजाफा उनके ग्रुप की कंपनियों के शेयरों की कीमत बढ़ने के कारण हुई है।