वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के मुख्यालय में आयोजित एक सत्र में अमेरिकी निवेशकों से भारत में अपना निवेश बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया। वित्त मंत्री ने कहा कि विश्व में भारत ही एक मात्र ऐसा देश है, जो लोकतंत्र से प्यार करने के साथ ही निवेश करने वाले पूंजीपतियों का सम्मान करता है। विदेशी निवेश को बढ़ाने के लिए सरकार लगातार सुधार कर रही है।
विश्व की सबसे तेजी से अर्थव्यवस्था
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत अभी भी विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला देश है, जहां पर कौशल युक्त मैनपॉवर है। अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए सरकार लगातार सभी जरूरी कदम उठा रही है।
निवेशकों ने पूछा सवाल- क्यों लगाएं भारत में पैसा
वित्तमंत्री से निवेशकों ने सवाल पूछा कि वो भारत में क्यों पैसा लगाएं? इस पर जवाब मिला कि देश का समाज काफी पारदर्शी है। यहां कानून सर्वोपरि है। समस्याएं खत्म करने की प्रक्रिया जारी है। सरकार सभी की बातों को सुन रही है। हम सभी की बात सुनकर उन्हें प्रतिक्रिया देना चाहते हैं।
सुलझा रहे हैं सेक्टर्स की समस्याएं
सरकार दबाव में चल रहे सेक्टर्स की समस्याएं सुलझाने के लिए कदम उठा रही है। इस साल एक अंतरिम बजट के बाद जुलाई में पूर्ण बजट पेश किया। समस्याएं सुलझाने के लिए हमने अगले बजट का इंतजार नहीं किया। हम हर 10 दिन में सेक्टर विशेष की समस्याओं का समाधान करने की कोशिश कर रहे हैं।