भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि 28 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6.561 अरब डॉलर बढ़कर 531.081 अरब डॉलर हो गया है। बता दें कि इससे पिछले समीक्षाधीन सप्ताह में देश में विदेशी मुद्रा का समग्र भंडार 3.847 बिलियन डॉलर घटकर 524.52 डॉलर हो गया था।
बता दें कि अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 बिलियन अमरीकी डालर के सर्वकालिक उच्चततम स्तर पर पहुंच गया था। उसके बाद वैश्विक परिस्थितियों के बीच केंद्रीय बैंक आरबीआई को गिरते रुपये को बचाने के लिए विदेशी मुद्रा भंडार का उपयोग करना पड़ा है, जिससे इसमें गिरावट आई।
शुक्रवार को आरबीआई की ओर से जारी साप्ताहिक सांख्यिकीय आंकड़ों के अनुसार विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) जो समग्र भंडार का एक प्रमुख घटक है समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 28 अक्टूबर तक 5.772 बिलियन अमरीकी डॉलर बढ़कर 470.847 बिलियन अमरीकी डॉलर हो गया है। इसके अंतर्गत डॉलर, यूरो व पाउंड जैसी विदेशी मुद्रा आते हैं। इसके तहत डॉलर के मुकाबले अन्य विदेशी मुद्राओं पर पड़ने प्रभावों की भी गणना की जाती है।
28 अक्तूबर को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश के स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 556 मिलियन अमरीकी डॉलर बढ़कर 37.762 बिलियन अमरीकी डॉलर हो गया है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 185 मिलियन अमरीकी डॉलर बढ़कर 17.625 बिलियन अमरीकी डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों से पता चलता है कि आईएमएफ के साथ देश की आरक्षित स्थिति भी समीक्षाधीन सप्ताह में 48 मिलियन अमरीकी डालर बढ़कर 4.847 बिलियन अमरीकी डालर हो गई।