आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के अलावा एक-दूसरे के साथ कारोबार बढ़ाने के लिए बुधवार को ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, चीन, भारत व दक्षिण अफ्रीका) का व्यापार सम्मेलन शुरू हो गया। इस सम्मेलन में 20 व्यापारिक क्षेत्रों के उत्पादों की नुमाइश की जाएगी। इनमें एयरोस्पेस, टेक्सटाइल, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटो, ऑटो कंपोनेंट, जेम्स व ज्वेलरी, इंजीनियरिंग उत्पाद, आइटी, फार्मा व पर्यटन मुख्य रूप से शामिल हैं।
तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के व्यापार मंत्री, कारोबारी, उद्योगपति और वरिष्ठ अधिकारी आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे और आर्थिक समस्याओं से निपटने में अपने अनुभव साझा करेंगे। सम्मेलन में नवाचार पर खास जोर दिया जा रहा है। ब्रिक्स के 15 अक्तूबर से गोवा में शुरू हो रहे शिखर सम्मेलन से पहले 12 अक्तूबर से इन देशों में साझेदारी को बढ़ावा देने और रणनीति तय करने के लिए ब्रिक्स व्यापार मेले का आयोजन किया जा रहा है।