जून 2021 में चीन के निर्यात में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली, जबकि इस दौरान निर्यात वृद्धि धीमी हुई। चीन के सीमा शुल्क विभाग द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि में निर्यात एक साल पहले के मुकाबले 32.2 प्रतिशत बढ़कर 281.4 अरब डॉलर हो गया। यह आंकड़ा मई 2021 में 28 प्रतिशत था।
229.9 अरब डॉलर हो गया आयात
दूसरी ओर आयात 36.7 फीसदी बढ़कर 229.9 अरब डॉलर हो गया, जबकि इससे पिछले महीने आयात में 51 फीसदी वृद्धि हुई थी। चीन ने महामारी के दौरान वैश्विक आर्थिक सुधार का नेतृत्व किया, और चीनी निर्यातकों को अर्थव्यवस्था के अपेक्षाकृत जल्दी खुलने से लाभ हुआ, जबकि विदेशी प्रतिस्पर्धियों को देर तक लॉकडाउन जैसे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा।
इन देशों से कुछ वस्तुओं के आयात पर डंपिंग रोधी शुल्क नहीं लगाएगी सरकार
मालूम हो कि हाल ही में सरकार ने बिजली उद्योग में इस्तेमाल होने वाले चीन, थाइलैंड, दक्षिण कोरिया और तीन अन्य देशों के तांबे के कुछ उत्पादों के आयात पर डंपिंग रोधी शुल्क नहीं लगाने का फैसला किया था। वाणिज्य मंत्रालय की शाखा व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) ने अप्रैल में जांच के बाद चीन, दक्षिण कोरिया, मलयेशिया, नेपाल, श्रीलंका और थाइलैंड के तांबे के कुछ उत्पादों पर शुल्क लगाने की सिफारिश की थी।
इन उत्पादों में किया जाता है कॉपर फ्लैट-रोल्ड उत्पादों का उपयोग
डीजीटीआर द्वारा प्रस्तावित शुल्क 42 अमेरिकी डॉलर प्रति टन से 1,077 अमेरिकी डॉलर प्रति टन के बीच था। कॉपर फ्लैट-रोल्ड उत्पादों का उपयोग बिजली वितरण, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक स्विचगियर, ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स और रेडिएटर्स में किया जाता है।
राजस्व विभाग के दो जुलाई के ज्ञापन के अनुसार, 'केंद्र सरकार ने चीन, कोरिया, मलयेशिया, नेपाल, श्रीलंका और थाइलैंड में विनिर्मित या वहां से निर्यात किए गए तांबे और तांबा मिली धातु के फ्लैट-रोल्ड उत्पादों के आयात पर डंपिंग रोधी शुल्क नहीं लगाने का फैसला किया है।'