डीजीसीए की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान यात्रियों को आपातकालीन निकास द्वार से बाहर निकाला गया। इस दौरान एक यात्री के पैर में हल्की स्क्रैच आ गई। हैदराबाद एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक Q400 एयरक्राफ्ट VT-SQB में 80 यात्री सवार थे। यह घटना रात के करीब 11 बजे की है। स्पाइसजेट की फ्लाइट ने गोवा से रात 9.55 बजे उड़ान भरी थी और रात 11.30 बजे हैदराबाद में निर्धारित लैंडिंग से ठीक पहले, पायलट ने कॉकपिट में धुआं देखा। कथित तौर पर इस घटना से यात्रियों के बीच दहशत फैल गई और धुएं के कारण एक महिला यात्री बीमार हो गई। आपातकालीन लैंडिंग के कारण नौ उड़ानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा। इनमें छह घरेलू उड़ानें, दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और एक कार्गो उड़ान को डायवर्ट किया गया।
बता दें कि स्पाइसजेट एयरलाइन हाल के दिनों में परिचालन की परेशानियों और वित्तीय बाधाओं का सामना कर रही है। यह पहले से ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की निगरानी में है। नियामक ने एयरलाइन को 29 अक्तूबर तक अपनी कुल उड़ानों में से केवल 50 प्रतिशत का ही संचालन करने का निर्देश दिया था।
इसी वर्ष छह जुलाई को स्पाइसजेट को भेजे अपने नोटिस में डीजीसीए ने कहा था कि एयरलाइन कंपनी एयरक्राफ्ट रूल्स 1937 के तहत 'सुरक्षित हवाई सेवाएं देने में विफल रही है। घटनाओं से पता चलता है कि खराब आंतरिक सुरक्षा के कारण सिक्योरिटी मार्जिन में गिरावट आई है। रेगुलेटर ने नोटिस का जवाब देने के लिए एयरलाइन को तीन हफ्ते का समय दिया था।