देश का खाद्य तेल आयात नवंबर में 34 फीसदी बढ़कर 15.29 लाख टन पर पहुंच गया है। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन (एसईए) ने बताया कि कच्चे पाम और रिफाइंड पाम तेल का आयात बढ़ने से इसमें तेजी आई है। इस दौरान वेजिटेबल तेल का आयात 32 फीसदी बढ़कर 15.45 लाख टन पहुंच गया। हालांकि, गैर-खाद्य तेल का आयात 52 फीसदी गिरकर 16,780 टन पर पहुंच गया।
विज्ञापन
भारत ने क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का रिकॉर्ड 9,31,180 टन आयात किया, जो एक साल पहले 4.77 लाख टन था। कच्चे सोयाबीन तेल का आयात घटकर 2.29 लाख टन रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि देश का खाद्य तेल का आयात 2021-22 में बढ़कर 140.3 लाख टन रहा जो एक साल पहले 131.3 लाख टन था। मूल्य के लिहाज से यह 34 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1.57 लाख करोड़ रुपये रहा। एजेंसी