प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा)के प्रावधानों के तहत पशुपालन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेंकटेश्वर हैचरीज प्राइवेट लि. की महाराष्ट्र और कर्नाटक में स्थित 65.53 करोड़ रुपये की नौ अचल संपत्तियों को जब्त किया है। कंपनी पर ब्रिटेन में 90 एकड़ का मकान खरीदने के लिए गैरकानूनी विदेशी रकम भेजने का आरोप है।
ईडी विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) के प्रावधानों के तहत इस मामले की जांच कर रही है और यह मामला ‘वेंकीज ओवरसीज लि. (वीओएल), ब्रिटेन’ नाम से इसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी को 2011 से धन भेजे जाने से जुड़ा है। ईडी के अनुसार, इन संपत्तियों का कुल मूल्य 65.53 करोड़ रुपये है। ईडी ने एक बयान में कहा कि वेंकटेश्वर हैचरीज प्राइवेट लि. (वीएचपीएल) ने वीओएल के कारोबार को आरबीआई में कृषि (बत्तखों, मुर्गियों आदि का पालन) तथा खनन से जुड़ा बताया था।