पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की वजह से दिल्ली में प्रदूषण की चादर फैलने से सूखे मेवे और करारे हो गए हैं। आमतौर पर उत्तर भारत में दीवाली के बाद सूखे मेवों की मांग घटती थी और दाम में कुछ नरमी आती थी, लेकिन इस बार दिवाली के बाद भी सूखे मेवे के दाम में कमी आने के बजाए तेजी ही दिख रही है। यदि दो महीने पहले से तुलना करें तो इस समय सूखे मेवे औसतन 30 फीसदी महंगे हो गए हैं।
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के प्रधान वी के बंसल का कहना है कि सूखे मेवे की मांग सदा से ही रही है और दिवाली के बाद सर्दी बढ़ने पर इसके दाम बढ़ते ही हैं। लेकिन दीवाली से सर्दी बढ़ने के बीच कुछ दिनों तक दाम में नरमी रहती है।
लेकिन इस बार दीवाली के बाद दिल्ली एनसीआर में प्रदूूषण की चादर फैलने से सूखे मेवे की बिक्री बढ़ रही है। इसका कारण लोगों के बीच जागरूकता बढ़ना हो सकता है क्योंकि सूखे मेवे में ओमेगा और फैटी एसिड जैसे तत्व होते हैं, जो ऐसे हालात में भी शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
वायरल संदेश भी एक वजह
इन दिनों व्हाट्सएप पर एक संदेश तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लिखा गया है कि पंजाब में पराली जलाने से दिल्ली की हवा खराब हो गई है। इसमें विटामिन सी, ओमेगा, फैटी एसिड वाली चीजें खायें। सूखे मेवों का प्रयोग खासतौर पर करें, जिनमें अखरोट, काजू, बादाम, चिलगोजा आदि चीजें शामिल हों।
काजू-किशमिश-अखरोट सबसे ज्यादा मंहगे
इस वायरल संदेश का असर कहें या लोगों की जागरूकता, दिवाली बीतने के बाद भी सूखे मेवे महंगे हैं। इस समय दिल्ली के खुदरा बाजार में चिली से आए अखरोट 600 रुपये प्रति किलोग्राम, जबकि इसकी गिरि 1,200 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है।
वहीं कैलिफोर्निया अखरोट 750 रुपये प्रति किलोग्राम और इसकी गिरि 1,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है। बड़े स्टोर में इसकी गिरी 1,000 रुपये प्रति आधा किलोग्राम बिक रही है। इसी तरह काजू 320 नंबर 1,100 रुपये किलो तो ग्रीन किशमिश 550 रुपये किलो बिक रही है। दो महीने पहले के दाम से तुलना करें तो इनकी कीमतों में औसतन 30 फीसदी का इजाफा हुआ है।
रुपये की कमजोरी का भी असर
देश में सूखे मेवे की सबसे बड़ी थोक मंडी खारी बावली में सर्व व्यापार मंडल के महासचिव आशीष ग्रोवर का कहना है कि सूखे मेवे तात्कालिक कारण से महंगे नहीं हुए हैं। दरअसल पिश्ता, बादाम, अखरोट, चिलगोजा, अंजीर आदि का आयात किया जाता है। रुपया से कमजोर होने से आयात महंगा हो रहा है, इसलिए मेवे महंगे हुए हैं।
दाम प्रति किलोग्राम में
मेवा दो महीने पहले भाव अभी का भाव
अखरोट चिली 500 600
अखरोट कैलिफोर्निया 550 750
काजू 320 नंबर 900 1,100
अकबरी पिश्ता 1,700 2,000
बादाम कैलिफोर्निया 650 750
किशमिश ग्रीन 400 550