नागर विमानन नियामक डीजीसीए ने विमान की गलत तरीके से लैंडिंग करने के मामले में स्पाइसजेट के दो पायलटों का उडा़न लाइसेंस एक साल के लिये निलंबित कर दिया है। पायलटों के सही तरह से विमान को नहीं उतारने की वजह से यह मुंबई हवाई अड्डे की मुख्य हवाई पट्टी से फिसलकर आगे निकल गया था।
जयपुर से मुंबई की उड़ान के दौरान स्पाइसजेट का बोइंग 737 विमान एक जुलाई को हादसे का शिकार हुआ था। इसके चलते मुंबई हवाई अड्डे का मुख्य रनवे तीन दिन से ज्यादा बंद रहा था।
दो पायलटों अजिंक्य हंचाते और तुषार दासगुप्ता का उड़ान लाइसेंस एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। उन्हें अपनी गलती सुधारने के लिए प्रशिक्षण भी लेना होगा। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की प्रांरभिक जांच में पाया गया है कि पायलटों ने खराब रवैया अपनाया और विमान तेज गति से हवाई पट्टी पर उतरा, जिसके चलते विमान हवाई पट्टी में आगे निकल गया और वह फिसलकर बाहर आ गया। दोनों पायलट इस मामले में सावधानी बरतने में नाकाम रहे।