भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच चल रहे व्यापार तनाव का कोई अतिरिक्त प्रभाव नहीं पड़ेगा। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को यह बात कही। रक्षा सचिव ने कहा कि 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के बावजूद दोनों देशों के बीच सहयोग जारी है।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को ऑपरेशन सिंदूर को एक ‘‘वास्तविकता जांच’’ बताया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान उन क्षेत्रों पर प्रकाश डाला गया जहां भारत सुधार कर सकता है और भविष्य के युद्ध की बदलती जरूरतों के अनुसार खुद को ढाल सकता है। इस ऑपरेशन के तहत सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया था।
दक्षिणी कमान द्वारा आयोजित प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र (स्ट्राइड-2025) संगोष्ठी के अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए सिंह ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक माहौल ने रक्षा और सैन्य शक्ति पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित किया है और भारत इसका अपवाद नहीं है।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति के संदर्भ में यह बिल्कुल स्पष्ट है कि अधिकांश देश रक्षा और सैन्य शक्ति पर बहुत अधिक ध्यान दे रहे हैं। हमारे पड़ोस को देखते हुए, भारत कोई अपवाद नहीं है। ड्रोन और मानवरहित प्रणालियों से उत्पन्न खतरे का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए विशिष्ट क्षमता क्षेत्रों की पहचान की गई है।