प्याज व टमाटर की कीमतें घटने से दिसंबर, 2023 में आम आदमी की थालियां 5 फीसदी तक सस्ती हुई हैं। क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिटिक्स रिसर्च की सोमवार को जारी ‘राइस रोटी रेट’ रिपोर्ट के मुताबिक, घर में बनी शाकाहारी थाली की लागत पिछले महीने 3 फीसदी तक घटी है। मांसाहारी थाली की कीमत में 5 फीसदी की गिरावट आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, त्योहारी सीजन के बाद घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों की कीमतें घटी हैं। मासिक आधार पर दिसंबर में प्याज के दाम 14 फीसदी घटे हैं, जबकि टमाटर में 3 फीसदी गिरावट आई है।
इसलिए, मांसाहारी थाली में तेज गिरावट
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रॉयलर की कीमत मासिक आधार पर 5-7 फीसदी घटी है। इससे मांसाहारी थाली की लागत अधिक तेजी से घटी है। मांसाहारी थाली की लागत में ब्रॉयलर की हिस्सेदारी 50 फीसदी होती है।
ऐसे तय होती है लागत
थाली तैयार करने की औसत लागत की गणना उत्तर, दक्षिण, पूर्व व पश्चिम भारत में थाली की कीमतों के आधार पर होती है। इससे पता चलता है कि थाली की कीमत में बदलाव अनाज, दाल, ब्रॉयलर, सब्जियां, मसाले, खाद्य तेल व रसोई गैस के दाम के आधार पर आता है।
शाकाहारी थाली एक साल पहले की तुलना में 12 फीसदी महंगी
रिपोर्ट के मुताबिक, शाकाहारी थाली की कीमत सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़ी है। हालांकि, मांसाहारी थाली की लागत में चार फीसदी की गिरावट आई है। शाकाहारी थाली महंगी होने की वजह प्याज व टमाटर की कीमतों में क्रमश: 82 फीसदी व 42 फीसदी की वृद्धि है। शाकाहारी थाली में 9 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वालीं दालें भी एक साल पहले से 24 फीसदी महंगी। इसके उलट, ब्रॉयलर के दाम सालाना आधार पर 15 फीसदी घटे हैं, जिससे मांसाहारी थाली सस्ती हुई है।