केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि नगालैंड में कॉरपोरेट निवेश में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है और अब राज्य के युवाओं को उन्नत कौशल से लैस करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। आइए विस्तार से जानें।
नागालैंड में कॉरपोरेट निवेश में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब राज्य के युवाओं को उन्नत कौशल से लैस करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
दीमापुर स्थित नागालैंड टूल रूम व प्रशिक्षण केंद्र में एआई एवं भविष्य कौशल उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन करते हुए सीतारमण ने कहा कि इस नए युग का उदाहरण दो प्रमुख कार्यक्रम हैं। सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए कोहिमा में टाटा समूह के साथ सहयोग और उन्नत एआई-संचालित विनिर्माण और 3डी प्रिंटिंग तकनीक पेश करने के लिए दीमापुर में सीवाईआईइएनटी फाउंडेशन के साथ साझेदारी।
कार्यक्रम हैं नागालैंड के युवाओं पर केंद्रित
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागालैंड के युवाओं को आधुनिक नौकरियों के लिए जरूरी कौशल प्रदान करना, उन्हें सफल होने में मदद करना व देश के प्रौद्योगिकी विकास में योगदान देना है।
वित्त मंत्री ने देश के 112 आकांंक्षी जिलों का आकलन किया
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नागालैंड की यात्रा का उद्देश्य देश के 112 आकांक्षी जिलों की प्रगति का आकलन करना और प्रमुख सरकारी पहलों का सफल कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण घटक प्रमुख बैंकों के सहयोग से आयोजित ऋण आउटरीच कार्यक्रम था। इसका उद्देश्य वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देते हुए सुलभ ऋण उपलब्ध कराना था।
साथ ही लोगों के जीवन पर इन कार्यक्रमों के प्रभाव का प्रत्यक्ष निरीक्षण करना, मौजूदा चुनौतियों का समाधान करना व देश के प्रत्येक भाग के समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना था।
पूंजी निवेश योजना की समीक्षा की
वित्त मंत्री ने नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और उनके कैबिनेट सहयोगियों के साथ बैठक की और नियाथु रिसॉर्ट में पूंजी निवेश योजना के लिए राज्य को विशेष सहायता की प्रगति की समीक्षा की। सीतारमण ने फेक जिले में सुविधाओं से युक्त प्री-फैब बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण और जुन्हेबोटो में प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक गेस्ट हाउस का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।