देश के अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL), एन चंद्रशेखरन की अगुवाई वाले टाटा समूह और अदार पूनावाला के नेतृत्व वाली सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) को टाइम पत्रिका ने 2024 की सबसे प्रभावशाली कंपनियों की सूची में शामिल किया है। रिलायंस दूसरी बार इस सूची में शामिल की गई है, जबकि दुनिया सीरम और टाटा को पहली बार शीर्ष 100 कंपनियों की सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में बिजनेस लीडर्स, नवाचार करने वाले लोगों के साथ-साथ कारोबार जगत में अभूतपूर्व योगदान देने वाले लोगों को शामिल किया जाता है।
बता दें कि अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को टाइम पत्रिका ने भारत की सबसे बड़ी कंपनी करार दिया। बीते 58 साल में आए बदलावों का जिक्र करते हुए टाइम ने इस बात का भी उल्लेख किया कि रिलायंस वर्तमान में 200 डॉलर से अधिक की कंपनी है। इसके अलावा टाइम ने सीरम को दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन उत्पादक कंपनी माना है। कोरोना महामारी से बचाव का जिक्र करते हुए टाइम मैगजीन ने 3.5 बिलियन टीकों के उत्पादन को भी रेखांकित किया। इसके अलावा टाटा को भारत की सबसे पुरानी कंपनी बताते हुए टाइम पत्रिका ने ऑटोमोबाइल, नमक, केमिकल से लेकर आई-फोन असेंबल करने वाली कंपनी बनने की दिशा में कदम बढ़ाने का भी उल्लेख किया।
अमेरिकी पत्रिका ने रिलायंस को ‘टाइटन’ श्रेणी में सूचीबद्ध किया है। सूची की पांच श्रेणियों में लीडर, डिसरप्टर, इनोवेटर और पायनियर भी शामिल हैं। टाटा को भी इसी श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया है, जबकि सीरम इंस्टिट्यूट को ‘पायनियर’ श्रेणी में जगह दी गई है। टाइम ने कहा, फरवरी में टाटा की संयुक्त बाजार पूंजी 365 अरब डॉलर तक पहुंच गई, जो पाकिस्तान की जीडीपी से भी अधिक है।
तीनों कंपनियों के बारे में टाइम पत्रिका ने कहा...
रिलायंस इंडस्ट्री: यह भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी है। मुकेश अंबानी की अगुवाई में इसने ऊर्जा, खुदरा और दूरसंचार क्षेत्रों में भी कदम रखते हुए विस्तार किया है। डिज्नी के भारतीय कारोबार के साथ 8.5 अरब डॉलर का सौदा किया।
टाटा समूहः इसके पास इस्पात, सॉफ्टवेयर, घड़ियां, समुद्री केबल और रसायन से लेकर नमक, अनाज, एयर-कंडीशनर, फैशन और होटल तक का विशाल पोर्टफोलियो है।
सीरम इंस्टीट्यूटः यह दुनिया की सबसे बड़ी टीका निर्माता कंपनी है, जो हर साल 3.5 अरब टीके की खुराक बनाती है।