कभी लोकप्रिय रहे सोशल ऑडियो ऐप क्लबहाउस ने कोविड-19 के बाद की दुनिया में ग्राहकों की बदलती आदतों और वर्क फ्रॉम होम की जटिलताओं के कारण अपने आधे से अधिक कर्मचारियों को निकाल दिया है। स्टार्टअप के सह-संस्थापक, पॉल डेविसन और रोहन सेठ ने ओवरहायरिंग और वर्क फ्रॉम होम की चुनौतियों से निपटने के लिए यह निर्णय लिया है। बता दें कि एक साल से कम समय पहले भी कंपनी ने छंटनी की थी। यह कंपनी कोविड काल के दौरान अपनी सेवाओं के लिए चर्चा में रही थी।
प्रभावित कर्मियों को अगले कुछ महीनों तक अलगाव भत्ता और हेल्थकेयर कवरेज मिलता रहेगा
प्रभावित कर्मचारियों को अगले कुछ महीनों के लिए अलगाव भत्ता और हेल्थकेयर कवरेज मिलता रहेगा। वहीं दूसरी ओर, कंपनी ने प्रभावित लोगों की सटीक संख्या या कंपनी में बने रहने वाले कर्मचारियों की संख्या पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पिछले अक्टूबर में डेविसन ने टेकक्रंच को बताया कि क्लबहाउस में लगभग 100 कर्मचारी थे।
कंपनी के संस्थापक बोले- बदलती दुनिया में नई भूमिका के लिए उत्पाद को विकसित करने की जरूरत
क्लबहाउस, जिसका मूल्यांकन कभी एंड्रीसेन होरोविट्ज़, टाइगर ग्लोबल और एलाड गिल सहित निवेशकों ने 4 बिलियन डॉलर आंका था ने बड़ी छंटनी के बाद एक अलग तरह का ही संदेश दिया है। एक ब्लॉग पोस्ट में, सह-संस्थापकों ने लिखा कि "जैसा कि कोविड के बाद दुनिया खुल गई है, कई लोगों के लिए क्लबहाउस पर अपने दोस्तों को ढूंढना और अपने दैनिक जीवन में लंबी बातचीत को फिट करना मुश्किल हो गया है। बदलती दुनिया में अपनी नई भूमिका खोजने के लिए उत्पाद को विकसित करने की आवश्यकता है। सह-संस्थापकों ने बताया कि कंपनी ने अपने वर्तमान टीम के आकार को बदलने की कोशिश की है।