सिलेंडर सस्ता करने का फैसला चुनावी स्टंट नहीं: अनुराग ठाकुर
सिलेंडर सस्ता करने के फैसले पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह चुनावी स्टंट नहीं है। उन्होंने कहा, "हमने पहले भी तमाम चुनौतियों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में लगातार वृद्धि के बाद भी उपभोक्ताओं तक उसकी आंच को नहीं पहुंचने दिया। समय-समय पर लोगों को छूट का लाभ दिया गया, जब दुनिया में कीमतें आसमान छू रहीं थीं तब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने लोगों को राहत दी। जब वैश्विक स्तर पर कीमतें बेलगाम थीं तब भारत में कीमतों में केवल 23 फीसदी का इजाफा हुआ। उस दौरान भी 21 लाख करोड़ रुपये सब्सिडी का भुगतान किया गया। ऐसे में एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी देने के फैसले को चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।"
703 रुपये में उपलब्ध होगा उज्ज्वला सिलेंडर
सरकार के फैसले के बाद उज्ज्वला उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम का रसोई गैस सिलेंडर 703 रुपये में दिया जाएगा। उज्ज्वला योजना के तहत प्रति वर्ष 12 सिलेंडर दिए जाते हैं और लाभार्थी को सब्सिडी का लाभ सीधे उनके खाते में ट्रांसफर किया जाता है। इस योजना के तहत महिलाओं को गैस का चूल्हा और एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाता है। अभी तक 9.60 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन बांटे जा चुके हैं। 75 लाख नए कनेक्शन देने के बाद इस योजना के लाभार्थियों की संख्या 10.35 करोड़ पर पहुंच जाएगी।
वाहन क्षेत्र के लिए पीएलआई योजना की अवधि एक साल बढ़ी
सरकार ने वाहन क्षेत्र के लिए 25,938 करोड़ रुपये की उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना की अवधि एक साल तक के लिए बढ़ा दी है। भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे ने मंगलवार को बताया कि वाहन क्षेत्र के हितधारकों के साथ समीक्षा के बाद पीएलआई योजना की अवधि बढ़ाई गई है।
केंद्र सरकार के इस फैसले से वाहन क्षेत्र अब 2027-28 तक योजना का लाभ उठा पाएगा, जिसकी पांच साल की अवधि 2026-27 में खत्म हो रही थी। वाहन क्षेत्र के लिए पीएलआई योजना की शुरुआत एक अप्रैल, 2022 को की गई थी। वाहन क्षेत्र में इस योजना के तहत 30 जून, 2023 तक 10,755 करोड़ रुपये के निवेश के आवेदन मिले हैं।