भारतीय ग्राहक सोने की खरीदारी के दौरान पहले सोने के जेवर की खरीद के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अब उनकी पसंद बदलती जा रही है। भारतीय ग्राहक अब सरकार की तरफ से जारी सोने के सिक्के की खरीदारी करना अधिक पसंद कर रहे हैं।
वे साधारण सिक्के के मुकाबले सरकारी सोने के सिक्के को अधिक तव्वजो दे रहे हैं। यह खुलासा विश्व स्वर्ण परिषद (वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल) की रिपोर्ट में किया गया है। यह रिपोर्ट भारत के प्रमुख आठ शहरों के ग्राहकों से बातचीत के आधार पर तैयार की गई है। इनमें मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, बंगलूरू, हैदराबाद, अहमदाबाद व कोच्चि शामिल हैं। पिछले साल नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्ण मौद्रीकरण कार्यक्रम में सोने के सिक्के को भी शामिल किया गया है।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के रिसर्च में पाया गया कि लोग साफ तौर पर अब नियमित व गैर ब्रांडेड सोने के सिक्के की जगह भारतीय सोने के सिक्के को प्राथमिकता दे रहे हैं। भारतीय सोने के सिक्के या सरकारी सोने के सिक्के को लोग इसकी शुद्धता, इसके स्तरीय कारक, मेक इन इंडिया का भाव व सरकार के समर्थन की वजह से पसंद कर रहे हैं। बैंक व ब्रांडेड ज्वैलर्स के यहां से इस प्रकार के सिक्के की बिक्री होती है और मुख्य रूप से दीपावली, जन्मदिन, शादी व अन्य खास मौके पर इस प्रकार के सोने के सिक्के की खरीदारी की जाती है।