फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: सिंगापुर राष्ट्रपति सलाहकार परिषद में पीयूष गुप्ता; इंडिगो को टर्किश वाइड-बॉडी विमान पर मिला विस्तार

Fri, 29 Aug 2025 04:09 AM IST
ज्योति भास्कर बिजनेस डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
बिजनेस अपडेट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भारतीय मूल के बैंकर पीयूष गुप्ता को सिंगापुर के राष्ट्रपति सलाहकार परिषद का वैकल्पिक सदस्य नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल चार साल का होगा। सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम ने प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सलाह पर यह नियुक्ति की है। 

विज्ञापन


65 वर्षीय गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज से अर्थशास्त्र में कला स्नातक (ऑनर्स) की डिग्री और आईआईएम अहमदाबाद से प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। गुप्त को 2020 में राष्ट्र के प्रति उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सिंगापुर के राष्ट्रपति द्वारा पब्लिक सर्विस स्टार से सम्मानित किया गया था। साथ ही उन्हें 2023 प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह भारत सरकार द्वारा देश के प्रवासियों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।

इंडिगो को तुर्कीश वाइड-बॉडी विमान के लिए 6 महीने का विस्तार
इंडिगो को तुर्की के वाइड-बॉजी एयरक्राफ्ट के लिए छह महीने का एक्सटेंशन मिला। एयरलाइन ने गुरुवार को कहा कि उसे तुर्कीश एयरलाइंस के साथ वेट लीज व्यवस्था के लिए छह महीने का विस्तार मिल गया है। यह नियामक शर्तों के अधीन है। एयरलाइन ने कहा कि यह मंजूरी ऐसे समय में मिली है जब भू-राजनीतिक प्रतिबंधों से भारतीय विमानन क्षेत्र को नुकसान हो रहा है। यह कदम यात्रियों को व्यस्त यात्रा सीजन में इस्तांबुल और आगे के गंतव्यों तक सहज और सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सभी नियमों और विस्तार से जुड़ी शर्तों का पूरी तरह पालन कर रही है।
विज्ञापन



NALCO पांच वर्षों में करेगी 30,000 करोड़ रुपये का निवेश
नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) अगले पांच वर्षों में 30,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी एक नया स्मेल्टर प्लांट और 1000 मेगावाट का कैप्टिव पावर प्लांट लगाएगी। वर्तमान में 7.5 मिलियन टन बॉक्साइट खनन क्षमता को बढ़ाकर 11 मिलियन टन किया जाएगा। एल्यूमिना उत्पादन क्षमता 2.1 मिलियन टन से बढ़ाकर 3.1 मिलियन टन की जाएगी, जिसका कमीशनिंग जून 2026 तक शुरू होगा। स्मेल्टिंग क्षमता 4.6 लाख टन से बढ़ाकर 9.6 लाख टन की जाएगी। NALCO का लक्ष्य 2030 तक महा-रत्न कंपनी बनना है। कंपनी का मुख्यालय भुवनेश्वर में स्थित है।

यूरोप में टेस्ला की बिक्री 40% घटी, मस्क के राजनीतिक बयानों का असर
टेस्ला की यूरोप में बिक्री जुलाई में 40% गिर गई, जबकि कुल इलेक्ट्रिक वाहन बिक्री 39% बढ़ी। एलन मस्क के राजनीतिक बयानों ने यूरोपीय लोगों को नाराज़ किया, जिससे विरोध और बिक्री में गिरावट देखी गई। मस्क ने दक्षिणपंथी नेताओं का समर्थन किया और यूरोपीय नेताओं की आलोचना की। टेस्ला को अब भी यूरोप में अपने "फुल सेल्फ ड्राइविंग" फीचर की मंजूरी नहीं मिली है। फैक्ट्री बंद होने और मॉडल Y के रीटूलिंग के कारण भी बिक्री प्रभावित हुई। जुलाई में टेस्ला ने EU में 6,600 गाड़ियाँ बेचीं, जबकि पिछले साल 11,465 थीं। कंपनी अब सस्ती कारों से बिक्री बढ़ाने की उम्मीद कर रही है।

भारत पर टैरिफ के खिलाफ अमेरिकी उपभोक्ता संगठन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए टैरिफ को लेकर अमेरिका के उपभोक्ता हितैषी संगठनों ने कड़ा एतराज जताया है। उनका कहना है कि टैरिफ का सबसे बड़ा बोझ अमेरिकी उपभोक्ताओं पर पड़ेगा क्योंकि इससे रोजमर्रा की जरूरत के सामानों की कीमतें बढ़ेंगी और महंगाई पर सीधा असर होगा। अब इस मुद्दे पर अमेरिकी मीडिया संस्थानों ने भी उपभोक्ता संगठनों का साथ देते हुए ट्रंप की नीति की तीखी आलोचना की है। देश के सबसे प्रभावशाली अमेरिकी उपभोक्ता अधिकार संगठन कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ अमेरिका ने बयान जारी कर कहा कि भारत पर लगाए गए नए टैरिफ से न केवल छोटे कारोबारी प्रभावित होंगे, बल्कि आम नागरिकों की जेब पर भी सीधा असर पड़ रहा है। संगठन का तर्क है कि आयात पर कर बढ़ने से लागत बढ़ती है और अंततः यह कीमतों में वृद्धि के रूप में ग्राहकों तक पहुंचती है।

भारत ने रूसी कंपनियों को किया आमंत्रित
भारत ने रूसी कंपनियों को देश में नवोन्मेषी अंतरिक्ष उपक्रमों में निवेश करने व अपने विशाल बाजार का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया है। राजदूत विनय कुमार ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय दूतावास में आयोजित एक समारोह में कहा, भारत सरकार ने अंतरिक्ष उद्योग में अनुकूल माहौल बनाने के लिए आकर्षक योजनाएं पेश की हैं। इस दौरान राजदूत ने नई दिल्ली व मॉस्को के बीच दशकों के अंतरिक्ष सहयोग को याद किया।

सात रूटों पर वंदे भारत ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच
रेलवे बोर्ड ने 7 रूटों पर चल रही वंदे भारत में कोच बढ़ाने का फैसला किया है। यह निर्णय वंदे भारत में टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलूरू सेंट्रल–तिरुवनंतपुरम सेंट्रल, सिकंदराबाद–तिरुपति, चेन्नई एग्मोर–तिरुनेलवेली, मदुरै–बंगलूरु कैंट, देवघर–वाराणसी, हावड़ा–राउरकेला और इंदौर–नागपुर रूट पर वंदे भारत के कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में इन रूटों पर चार 8-कोच और तीन 16-कोच वंदे भारत चल रही।

उपग्रह संचार तकनीक में सहयोग के लिए भारत  व फिलीपीन में करार
भारत और फिलीपीन के अंतरिक्ष उद्योग संगठनों ने अंतरिक्ष और उपग्रह संचार तकनीक में सहयोग बढ़ाने के लिए हाथ मिलाया है। इसके लिए सैटकॉम इंडस्ट्री एसोसिएशन-इंडिया (एसआईए-इंडिया) और इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ द फिलीपीन (ईआईएपीआई) ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता भारत और फिलीपीन के बीच राजनयिक रिश्तों की 75वीं सालगिरह पर हुआ। इसमें मिलकर नई तकनीक और उत्पादन ढांचा बनाने पर जोर दिया गया है। खासकर उपग्रह संचार उपकरण, एम्बेडेड सिस्टम, आईओटी डिवाइस, अंतरिक्ष इलेक्ट्रॉनिक्स और अगली पीढ़ी की तकनीक में सहयोग करने की योजना है। एसआईए-इंडिया के अध्यक्ष सुब्बा राव पावुलुरी ने कहा, हमारा मकसद नए प्रयोग और कौशल विकास के जरिए इस सोच को हकीकत में बदलना है। इससे भारत और फिलीपीन दोनों के अंतरिक्ष और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। ईआईएपीआई के अध्यक्ष अर्ल लॉरेंस ने कहा कि यह साझेदारी हमारी ताकत को अंतरिक्ष और उपग्रह तकनीक में बढ़ाएगी। 

ईजमाईट्रिप ने शीर्ष नेतृत्व में किया बदलाव
ट्रैवल बुकिंग प्लेटफॉर्म ईजमाईट्रिप ने शीर्ष नेतृत्व में फेरबदल किया है। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि प्रशांत पिट्टी ने तत्काल प्रभाव से प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। संस्थापक निशांत पिट्टी ने शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन कंपनी के सीएमडी का पदभार संभाल लिया है।

इस वर्ष की शुरुआत में, निशांत पिट्टी ने 'व्यक्तिगत कारणों' से सीईओ के पद से इस्तीफा दे दिया था। उस समय उनके भाई और सह-संस्थापक रिकांत पिट्टी को नया सीईओ नियुक्त किया गया था। अप्रैल में, प्रवर्तन निदेशालय द्वारा सह-संस्थापक निशांत पिट्टी के परिसरों की तलाशी लेने के एक दिन बाद, ईजमाईट्रिप ने महादेव सट्टेबाजी ऐप या किसी अन्य सट्टेबाजी मंच के साथ किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध से इनकार किया था।
विज्ञापन

'भारत का विकास अभूतपूर्व', नीति आयोग के सीईओ बोले- कम कार्बन उत्सर्जन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा देश
भारत की विकास यात्रा अभूतपूर्व है क्योंकि देश की अर्थव्यवस्था कम कार्बन और टिकाऊ ऊर्जा के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने शुक्रवार को यह दावा किया। एक उच्च स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुब्रह्मण्यम ने कहा कि यह बदलाव ऊर्जा-प्रधान होगा, फिर भी भारत एनडीसी (राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान) के अनुसार तेजी से प्रगति कर रहा है और मिशन लाइफ जैसी नीतियों को बढ़ावा दे रहा है।

सुब्रह्मण्यम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन भारत को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है, जबकि कई बड़े उत्सर्जक देशक अपने ऊर्जा परिवर्तन पर पर्याप्त तेजी से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत को कुछ महत्वाकांक्षी प्रौद्योगिकियों की खोज करने की भी आवश्यकता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि देश न केवल गति बनाए रखे, बल्कि आने वाले दशकों में सतत विकास के लिए रुझान भी तय करे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें