भारत में एआई कौशल की मांग लगातार बढ़ रही है। बुधवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल सितंबर में एआई से संबंधित नौकरियों की संख्या बढ़कर 11.7 प्रतिशत हो गई, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 8.2 प्रतिशत थी।
वैश्विक नियुक्ति मंच इंडीड ने एक रिपोर्ट में कहा कि सितंबर में 11.7 प्रतिशत भारतीय नौकरी पोस्टिंग में नौकरी विवरण में स्पष्ट रूप से एआई का उल्लेख किया गया था, जबकि तीन महीने पहले यह आंकड़ा 10.6 प्रतिशत और एक साल पहले 8.2 प्रतिशत था।
इंडीड के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के वरिष्ठ अर्थशास्त्री कैलम पिकरिंग ने कहा, "भारत अन्य इंडीड बाज़ारों की तुलना में उच्च स्थान पर है। भारत के अलावा, केवल सिंगापुर में ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उल्लेख करने वाली पोस्टिंग का हिस्सा अधिक है। यह स्पष्ट है कि भारत भर में कई नियोक्ता कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर पूरी तरह से निर्भर हो गए हैं।"
इस रिपोर्ट के निष्कर्ष इंडीड प्लेटफ़ॉर्म पर नौकरी पोस्टिंग के आंकड़ों पर आधारित हैं। यह प्लेटफॉर्म भारत की औपचारिक अर्थव्यवस्था में वास्तविक समय पर भर्ती की गतिविधियों पर नजर रखता है। नौकरी पोस्टिंग के रुझानों को सितंबर 2025 तक मापा गया, और पिछले महीनों और साल-दर-साल के स्तर से तुलना की गई।
सरकार खाद्य तेल रिपोर्टिंग से जुड़े नियमों में बदलाव की योजना बना रही
सरकार ने बुधवार को कहा कि वह खाद्य तेल से जुड़े नए नियमों के अनुपालन की पुष्टि के लिए निरीक्षण अभियान शुरू करेगी। सरकार देश की खाद्य सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण इस क्षेत्र की निगरानी कड़ी करना चाहती है।
खाद्य मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्रीय जांच का उद्देश्य संशोधित आदेश के तहत सख्त रिपोर्टिंग आवश्यकताओं को लागू करना है, जिसके तहत सभी खाद्य तेल निर्माताओं, प्रसंस्करणकर्ताओं और वितरकों को अधिकारियों के पास पंजीकरण कराना और मासिक उत्पादन डेटा प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि निरीक्षण गैर-अनुपालन इकाइयों को लक्षित करेगा और इसका उद्देश्य "अनुपालन की गंभीरता को सुदृढ़ करना और खाद्य तेल क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय डेटा पारिस्थितिकी तंत्र की अखंडता को बनाए रखना" है।
संशोधित वनस्पति तेल उत्पाद, उत्पादन और उपलब्धता (विनियमन) आदेश, 2025 के तहत, खाद्य तेल आपूर्ति शृंखला की फर्मों को https://www.nsws.gov.in पर राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से पंजीकरण करना होगा और https://www.edibleoilindia.in के माध्यम से मासिक रिटर्न दाखिल करना होगा ।
अनुपालन में विफल रहने वाली कंपनियों को संशोधित आदेश और सांख्यिकी संग्रहण अधिनियम, 2008 के तहत दंड का सामना करना पड़ेगा नियामकीय सख्ती ऐसे समय में की गई है जब देश घरेलू मांग को पूरा करने के लिए आयात पर बहुत अधिक निर्भर है।
पीएनबी को 1,500 करोड़ की ट्रेजरी आय की उम्मीद
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में करीब 1,500 करोड़ रुपये की ट्रेजरी आय होने और मार्जिन में सुधार की उम्मीद है। ट्रेजरी आय किसी बैंक के प्रतिभूति निवेश, विदेशी मुद्रा कारोबार और वित्तीय साधनों से होने वाली आय है। पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अशोक चंद्रा ने मंगलवार को कहा, 2025-26 की पहली दो तिमाहियों के दौरान बैंक को कुल 1,800 करोड़ रुपये की ट्रेजरी आय हुई थी।
टाटा मोटर्स : एक लाख से अधिक कारों की आपूर्ति
टाटा मोटर्स पैसेंजर वेहिकल्स लिमिटेड ने नवरात्रि से दिवाली तक 30 दिन में एक लाख से अधिक यात्री वाहनों की आपूर्ति की, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 33 फीसदी अधिक है। टाटा मोटर्स पैसेंजर वेहिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शैलेश चंद्रा ने कहा, त्योहारों के दौरान सबसे अधिक आपूर्ति एसयूवी की गई। इलेक्ट्रिक वाहन श्रेणी में भी मजबूती रही।