भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने खाद्य वस्तुओं के पैकेट पर 100 फीसदी लिखने पर रोक लगाते हुए इसे उपभोक्ताओं के लिए भ्रामक करार दिया। शीर्ष खाद्य नियामक ने एक एडवाइजरी जारी कर सभी खाद्य व्यापार संचालकों (एफबीओ) से कहा है कि खाद्य वस्तुओं के लेबल, पैकेजिंग और प्रचार सामग्री पर 100 फीसदी के दावे से बचें। क्योंकि मौजूदा नियामक प्रावधानों के तहत यह अस्पष्ट है। इसकी गलत व्याख्या की आशंका है। एफएसएसएआई की एडवाइजरी में कहा गया है कि खाद्य वस्तुओं के पैकेट और प्रचार मंचों पर 100 फीसदी शब्द के उपयोग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने में आ रही है।
खाद्य सुरक्षा और मानक (विज्ञापन और दावे) विनियम, 2018 के अनुसार, 100 फीसदी शब्द को परिभाषित नहीं किया गया है। इसके अलावा एफएसएस अधिनियम, 2006 या इसके तहत बनाए गए नियमों और विनियमों में भी इसका किसी भी तरह से संदर्भ नहीं दिया गया। इन नियमों का उप-विनियमन 10(7) किसी भी ऐसे विज्ञापन या दावे पर सख्ती से प्रतिबंध लगाता है, जो भ्रामक तरीके से उपभोक्ता की धारणा को प्रभावित करता है। एडवाइजरी के मुताबिक, इन चिंताओं को देखते हुए, 100 फीसदी शब्द का उपयोग न करने की सलाह दी गई है।