ऑनलाइन बीमा वितरण से जुड़े मामले में ई-कॉमर्स मानदंडों का उल्लंघन करने पर भारतीय बीमा विनियामक विकास प्राधिकरण यानी इरडाई ने फ्लिपकार्ट पर 1.06 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इरडाई ने कहा, फ्लिपकार्ट कॉरपोरेट एजेंट के तौर पर काम कर रहा था और बीमा ग्राहकों को अपने प्लेटफॉर्म पर उस सेगमेंट की ओर ले जा रहा था, जिसमें कंपनियां विज्ञापन करती हैं। इससे ग्राहकों को गलत तरीके से बीमा पॉलिसी बेचे जाने का खतरा था। इसकी शिकायत मिलने पर इरडाई ने दंड लगाया।
सोनालीका की वित्त वर्ष 2025 में अब तक की सर्वाधिक ट्रैक्टर बिक्री
सोनालीका और सोलिस ट्रैक्टर के संचालक इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025 में सर्वाधिक 1,53,764 ट्रैक्टर बिक्री के साथ 14.8 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल की है। घरेलू बाजार में सोनालीका का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। कंपनी की हैवी ड्यूटी ट्रैक्टर रेंज के कारण यह संभव हुआ है। इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर रमन मित्तल ने इस रिकार्ड प्रदर्शन का श्रेय ग्राहकों के विश्वास और कंपनी के इनोवेशन के बुनियादी मूल्यों को दिया। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि एक ऐसे खास वर्ष का प्रतीक है, जिसमें आईटीएल समूह को फॉर्च्यून 500 में भारत की सबसे बड़ी कंपनियों की सूची में 237वीं रैंक के साथ पहली प्रविष्टि मिली और भारत के शीर्ष 10 ऑटो ब्रांड्स में मान्यता दी गई।
आईओबी का कर्ज 0.25% सस्ता
इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) का कर्ज 0.25 फीसदी तक सस्ता हो गया है। बैंक ने बताया, नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं। अब बैंक की कर्ज पर ब्याज दरें 8.85 फीसदी से शुरू होंगी, जो पहले 9.10 फीसदी पर थीं। इससे पहले भी कई बैंकों ने कर्ज पर ब्याज दरें घटा दी हैं। आरबीआई ने 9 अप्रैल को रेपो दर में 0.25 फीसदी की कटौती की थी।
वी-मार्ट ने 500वां स्टोर शुरू कर नई ऊंचाइयों को छुआ
देश की अग्रणी वैल्यू फैशन रिटेल चेन वी-मार्ट रिटेल लिमिटेड अपने 500वें स्टोर का शुभारंभ कर नई ऊंचाइयों पर पहुंचने का जश्न मना रही है। वी-मार्ट रिटेल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ललित अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। यह सफलता कंपनी की तीव्र और निरंतर वृद्धि को दर्शाती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 62 स्टोर खोले हैं। वी-मार्ट फैशन परिधान, जूते और सहायक उत्पादों को किफायती मूल्य पर उपलब्ध कराती है। इसका प्रत्येक स्टोर, खुले अग्रभाग और सहज लेआउट के साथ डिजाइन किया गया है, जो ग्राहकों को आकर्षक खरीदारी का अनुभव प्रदान करता है। वर्ष 2003 से अब तक वी-मार्ट ने 300 से अधिक शहरों में उपस्थिति दर्ज कराई है।
वेडिंग वियर ब्रांड मान्यवर ने नए प्रिंट विज्ञापन का किया अनावरण
पुरुषों के वेडिंग वियर ब्रांड मान्यवर ने संवर्धित वास्तविकता (एआर), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा-संचालित वैयक्तिकरण के साथ सबसे पहले इंटरैक्टिव प्रिंट विज्ञापन का अनावरण किया है। वेदांत फैशन के मुख्य राजस्व अधिकारी वेदांत मोदी ने कहा कि मान्यवर में हम उत्पादों में नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करते हैं। यह एआर-सक्षम प्रिंट विज्ञापन उपभोक्ताओं को शेरवानी, इंडो-वेस्टर्न, कुर्ता जैकेट सेट और कुर्ता के हमारे खूबसूरत संग्रह की खोज करने का एक शानदार और सहज तरीका प्रदान करता है। यह पहल ऑफलाइन और ऑनलाइन रिटेल के बीच की खाई को कम करती है। इसमें क्यूआर कोड को स्कैन कर मल्टीपल कैरेक्टर्स से इट्रैक्ट और 3डी इंटरैक्टिव कैटलॉग तक पहुंच सकते हैं।