एयरटेल नहीं कर पाएगी सिम की होम डिलीवरी
नई दिल्ली। एयरटेल सिम की होम डिलीवरी पर रोक लग गई है। दूरसंचार विभाग ने कहा है कि तय मानदंडों के बिना इस प्रक्रिया को शुरू नहीं किया जा सकता है। कुछ दिन पहले ही एयरटेल ने ब्लिंकिट के साथ इस सेवा को शुरू करने की घोषणा की थी। दूरसंचार विभाग ने हाल ही में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं से कहा कि मौजूदा निर्देशों के अनुसार केवाईसी प्रक्रिया का पूरी ईमानदारी से पालन किया जाएगा।
सरकार ने आईआरईडीए के सीएमडी प्रदीप कुमार दास का कार्यकाल बढ़ाया
सरकार ने इरेडा के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में प्रदीप कुमार दास का कार्यकाल अगले आदेश तक बढ़ा दिया है। गुरुवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में यह जानकारी दी गई। इरेडा ने फाइलिंग में बताया कि दास 5 मई 2025 को कंपनी के सीएमडी के रूप में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं।
इरेडा ने कहा, "नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) ने सूचित किया है कि प्रदीप कुमार दास 05.05.2025 से अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।" दास ने 6 मई, 2020 को इरेडा के सीएमडी के रूप में पदभार ग्रहण किया।
भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (आईआरईडीए) एमएनआरई के तहत एक गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्था है। इरेडा में शामिल होने से पहले दास भारतीय पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (आईटीडीसी) में निदेशक (वित्त) और मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) के पद पर कार्यरत थे।
उन्होंने आरईसी, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल), भारत हेवी प्लेट्स एंड वेसल्स लिमिटेड (बीएचपीवी) और कुसुम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (केपीएल) जैसी कंपनियों में विभिन्न भूमिकाओं में भी काम किया है।