जोमैटो समेत कई कंपनियों के खिलाफ सीसीआई में शिकायत
एफएमसीजी वितरकों के संगठन ऑल इंडिया कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी सीसीआई के समक्ष एक याचिका दायर की है। इसमें क्विक कॉमर्स कंपनियों जैसे जोमैटो के स्वामित्व वाली ब्लिंकिट, स्विगी और जेप्टो के खिलाफ प्रतिस्पर्धा-विरोधी प्रैक्टिस को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। फेडरेशन का आरोप है कि क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म भारी छूट आदि के जरिये नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
भंडार घटाने के लिए सरकार ने टूटे चावल निर्यात की दी अनुमति
भंडार घटाने के लिए सरकार ने 100 फीसदी टूटे चावल के निर्यात की अनुमति दे दी है। अधिसूचना में कहा गया है कि इस कदम से गरीब अफ्रीकी देशों को कम कीमतों पर अनाज पाने में मदद मिल सकती है। इससे एशियाई पशु चारा व इथेनॉल उत्पादकों को भी राहत मिल सकती है, जो इस किस्म के चावल पर निर्भर हैं।
टूटे चावल का भंडार फरवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया, जो लक्ष्य से नौ गुना अधिक है। भारत ने सितंबर, 2022 में 100 फीसदी टूटे चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं, पीली मटर के निशुल्क आयात की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी गई है।
एजीएस टेक्नोलॉजी 38.59 करोड़ के भुगतान में विफल
एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजी और उसकी अन्य इकाइयां 38.59 करोड़ के भुगतान करने में चूक गई हैं। कंपनी और इसकी इकाई सिक्योरवैल्यू इंडिया पर 21.2 करोड़ रुपये का मूलधन बकाया है। इंडिया ट्रांजैक्ट सर्विसेज 17.36 करोड़ रुपये की देनदारी नहीं चुका पाई है।
एसएसई पर न्यूनतम आवेदन का घटेगा आकार
सेबी ने सोशल स्टॉक एक्सचेंज (एसएसई) पर गैर-लाभकारी संगठनों के जारी जीरो कूपन जीरो प्रिंसिपल साधनों के आईपीओ के लिए न्यूनतम आवेदन आकार को 10,000 से घटाकर 5,000 रुपये या 1,000 रुपये करने का प्रस्ताव किया है। इससे खुदरा निवेशकों की संख्या बढ़ेगी।
पतंजलि : नागपुर में संतरा प्रोसेसिंग का सबसे बड़ा प्लांट
पतंजलि की ओर से नागपुर में स्थापित पतंजलि मेगा फूड एंड हर्बल पार्क में संतरा प्रोसेसिंग का एशिया का सबसे बड़ा प्लांट होगा। पतंजलि आयुर्वेद लि. के एमडी आचार्य बालकृष्ण ने कहा, प्लांट की प्रतिदिन 800 टन प्रोसेसिंग क्षमता है, जो जीरो वेस्टेज सिस्टम पर काम करता है। स्थानीय लोगों को रोजगार देना और किसानों को समृद्ध बनाना हमारी प्राथमिकता है।
मार्च के पहले सप्ताह में विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार से निकाले 24,753 करोड़
विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजारों से लगातार पैसा निकाल रहे हैं। नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) के आंकड़ों के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) द्वारा शुद्ध बिक्री 24,753 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
नवीनतम निकासी इस साल देखी गई भारी बिक्री के रुझान को बढ़ाती है, जिससे 2025 में कुल शुद्ध एफपीआई निकासी 1,37,354 करोड़ रुपये हो गई है। लगातार बिक्री के दबाव ने बाजार स्थिरता के बारे में चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि विदेशी निवेशक भारत के आर्थिक और कॉर्पोरेट प्रदर्शन के बारे में सतर्क हैं। इस लगातार बिक्री के प्राथमिक कारणों में भारतीय कंपनियों से कमजोर आय, उम्मीद से धीमी जीडीपी वृद्धि और अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में तेज वृद्धि शामिल है। एक मजबूत डॉलर उभरते बाजार निवेशों को कम आकर्षक बनाता है, जिससे भारत जैसे देशों से पूंजी का आउटफ्लो (बहिर्वाह) होता है।
ईवी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध : वैष्णव
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को तेलंगाना के महबूबनगर जिले में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में चार विनिर्माण इकाइयों की आधारशिला रखी।
वैष्णव ने कहा कि सरकार ईवी को बढ़ावा देने और पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम भारतीय नवाचार और विनिर्माण पहल का स्वागत करते हैं। भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और ईवी विनिर्माण और आपूर्ति शृंखला को बढ़ावा देने के अपने उद्देश्य के तहत, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने संशोधित इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर (ईएमसी 2.0) योजना को अधिसूचित किया है। इस योजना के तहत दिवितिपल्ली गांव में 377.65 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर परियोजना की स्थापना के लिए मंजूरी दी गई थी। वैष्णव ने जिन चार विनिर्माण इकाइयों की आधारशिला रखी उसमें अमरा राजा कंपनी की आगामी गीगा फैक्ट्री-1, लोहुम कंपनी की महत्वपूर्ण खनिज रिफाइनिंग और बैटरी रीसाइक्लिंग इकाई, सेल एनर्जी की सेल केसिंग विनिर्माण इकाई और अल्टमिन की पहली एलएफपी-सीएएम गीगा फैक्ट्री शामिल है।
गिग अर्थव्यवस्था में एक करोड़ श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने कहा कि नीति आयोग का अनुमान है कि भारत में गिग अर्थव्यवस्था से 2024-25 में एक करोड़ से अधिक श्रमिकों को रोजगार मिलेगा। यह संख्या 2029-30 तक 2.35 करोड़ तक पहुंचेगी। मंत्रालय ने विभिन्न प्लेटफॉर्म श्रमिकों से ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करने का आग्रह किया।ढमंत्रालय ने कहा, गिग अर्थव्यवस्था का विस्तार हो रहा है और नई नौकरियां मिल रही हैं। देश की अर्थव्यवस्था में गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिकों के योगदान को मान्यता देते हुए बजट में ई-श्रम पोर्टल पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म श्रमिकों का पंजीकरण, पहचान पत्र जारी करने और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य सेवा कवरेज के प्रावधान हैं।