फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: 2032 तक ऊर्जा क्षेत्र में 60 अरब डॉलर का निवेश करेगा अदाणी समूह; जुलाई में कोयला आयात में गिरावट

Sun, 07 Sep 2025 02:05 PM IST
नितिन गौतम बिजनेस डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
बिजनेस अपडेट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

वैश्विक दवा कंपनी एस्ट्राजेनेका ने चेन्नई में ग्लोबल इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी सेंटर (जीआईटीसी) का विस्तार करने के लिए 176 करोड़ के निवेश की घोषणा की। यह पिछले दो साल में भारत में तीसरा निवेश है। कंपनी ने कहा कि यह निवेश जीआईटीसी को वैश्विक और देश में स्वास्थ्य सेवा नवाचार में एक अग्रणी के रूप में स्थिति मजबूत करने में मदद करेगा। एस्ट्राजेनेका इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शिव पद्मनाभन ने कहा कि चेन्नई एक महत्वपूर्ण नवाचार हब के रूप में विकसित हो रहा है। यह निवेश एआई, डाटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग और डाटा साइंस जैसे क्षेत्रों में कंपनी की टीम को बढ़ावा देगा। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के हवाले से जारी बयान में कहा गया कि यह अतिरिक्त निवेश राज्य के लिए कुशल अवसर पैदा करेगा।

विज्ञापन


कर्नाटक : आईएमएफ ने निवेश समेत कई मुद्दों पर की चर्चा
वार्षिक परामर्श के तहत भारत दौरे पर आए अमेरिका के आईएमएफ प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश से मुलाकात की। अधिकारियों ने बताया कि वाशिंगटन डीसी से आई अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की टीम व्यापक आर्थिक विकास पर कड़ी नजर रखती है। यह वित्त मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक और अन्य सरकारी अधिकारियों को नीतिगत सलाह देती है। आधिकारिक बयान के अनुसार, कर्नाटक सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं विकास आयुक्त उमा महादेवन भी मुख्य सचिव के साथ टीम की बैठक में उपस्थित थीं। निवेश आकर्षित करने, राजकोषीय स्थिरता बनाए रखने व मानव पूंजी को मजबूत करने से लेकर जलवायु-केंद्रित नीतियों को आगे बढ़ाने तक की संरचनात्मक चुनौतियों पर चर्चा हुई।

निवेश माहौल को मजबूत करने वाला कदम: यूएसआईबीसी
अमेरिका-भारत बिजनेस काउंसिल (यूएसआईबीसी) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जीएसटी परिषद और वित्त मंत्रालय को पुनर्गठित वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने के लिए बधाई दी है। परिषद ने कहा कि यह कदम न सिर्फ भारत के कारोबारी माहौल को और बेहतर बनाएगा, बल्कि वैश्विक निवेशकों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश देगा। यूएसआईबीसी ने विशेष तौर पर जीएसटी स्लैब के सरलीकरण और प्रमुख क्षेत्रों में कर दरों की कमी की सराहना की है। 

कारोबारी से 24 करोड़+ का ऑनलाइन फ्रॉड, केरल में SIT गठित
केरल के कोच्चि में एक कारोबारी से 24.76 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि विगत एक सितंबर को मामले में कारोबारी निमेष ने शिकायत दर्ज कराई थी। निमेष ने बताया कि उसे कैपिटलिक्स नामक एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर निवेश करने को कहा। निवेश के बाद जब अपना पैसा निकालने की कोशिश की तो उसे धोखाधड़ी का पता चला।

आतंकी फंडिंग: ईडी ने 6 लाख से अधिक की संपत्ति अटैच की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रतिबंधित आतंकवादी समूह सिमी और आईएम के खिलाफ धन शोधन जांच के तहत 6.34 लाख रुपये की नई संपत्तियां अटैच की हैं। एजेंसी ने बताया कि अटैच अचल संपत्तियां आरोपी राजू खान की हैं। मामला छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से रायपुर में धीरज साओ और अन्य लोगों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधानों के तहत दर्ज प्राथमिकी से उपजा है। आरोप है कि खालिद ऑफ पाकिस्तान संस्था के निर्देश पर भारत में अज्ञात लोगों से धन लेने के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल हो रहा था और प्राप्त राशि को प्रतिबंधित समूह सिमी और आईएम के सदस्य जुबैर हुसैन, आयशा बानो और राजू खान को भेजा जा रहा था। ईडी का आरोप है कि साओ, खालिद के इशारे पर प्राप्त धन को हस्तांतरित करने के लिए बैंक खातों का दुरुपयोग कर रहा था। राशि सीधे या कई स्तरों पर जुबैर हुसैन, आयशा बानो और अन्य के खातों में भेजी गई। एजेंसी के अनुसार राजू इस नेटवर्क के प्रमुख माध्यमों में से एक था।

जुलाई में कोयला आयात में गिरावट, सुस्त मांग बनी वजह

मानसून के दौरान सुस्त मांग और उच्च स्टॉक की उपलब्धता के कारण जुलाई में भारत का कोयला आयात 16.4 प्रतिशत घटकर 2.1 करोड़ टन रह गया। एक साल पहले इसी अवधि में देश का कोयला आयात 2.5 करोड़ टन था। एमजंक्शन सर्विसेज के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जुलाई अवधि के दौरान भारत का आयात घटकर 9.7 करोड़ टन रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 10 करोड़ टन था। एमजंक्शन के एमडी और सीईओ विनय वर्मा ने कहा, 'मानसून के दौरान सुस्त मांग और सिस्टम में उपलब्ध उच्च स्टॉक के कारण मात्रा में गिरावट आई है। हमें सितंबर के अंत में शुरू होने वाले त्योहारी सीजन से पहले मांग में बढ़ोतरी की उम्मीद है।'

जुलाई में कुल आयात में से, नॉन-कोकिंग कोयले का आयात 11.54 मीट्रिक टन रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की जुलाई में यह 16.52 मीट्रिक टन था। कोकिंग कोयले का आयात 5.85 मीट्रिक टन रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की जुलाई में यह 4.81 मीट्रिक टन था। अप्रैल-जुलाई की अवधि के दौरान, नॉन-कोकिंग कोयले का आयात 60.62 मीट्रिक टन रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में आयात किए गए 65.64 मीट्रिक टन से कम है। कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा था कि देश को मानसून के दौरान कोयले की किसी भी कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि सरकार बिजली क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में मांग को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
विज्ञापन

वित्त वर्ष 2032 तक बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में 60 अरब डॉलर निवेश करेगा अदाणी समूह

उद्योगपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाला अदाणी समूह वित्त वर्ष 32 तक बिजली क्षेत्र, खासकर नवीकरणीय ऊर्जा, उत्पादन और ट्रांसमिशन/वितरण में लगभग 60 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बना रहा है। अदाणी पावर ने निवेशकों को बताया कि अदाणी पावर समूह वित्त वर्ष 2030 तक 21 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बना रहा है ताकि नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को वित्त वर्ष 2025 में 14 गीगावाट से बढ़ाकर 50 गीगावाट किया जा सके।

समूह अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) के माध्यम से ट्रांसमिशन और वितरण क्षमताओं के निर्माण में 17 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगा। एईएसएल की ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न पहलुओं, जैसे पावर ट्रांसमिशन, वितरण, स्मार्ट मीटरिंग जैसे क्षेत्रों में उपस्थिति है। कंपनी भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए वित्तवर्ष 2030 तक 30,000 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइनें स्थापित करने की योजना बना रही है, जो 31 मार्च, 2025 तक 19,200 किलोमीटर हैं। समूह वित्त वर्ष 32 तक अदानी पावर के माध्यम से 22 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करके वित्त वर्ष 25 में 17.6 गीगावाट से 41.9 गीगावाट क्षमता प्राप्त करने की योजना बना रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें