रिजर्व बैंक ने दो बैंकों पर लगाया जुर्माना
आरबीआई ने भारतीय स्टेट बैंक और जन स्मॉल फाइनेंस बैंक पर जुर्माना लगाया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा कि ऋण और अग्रिम-वैधानिक और अन्य प्रतिबंध, ग्राहक संरक्षण पर कुछ निर्देशों का पालन न करने के लिए एसबीआई पर 1.72 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि बैंकिंग विनियमन अधिनियम 1949 के कुछ प्रावधानों के उल्लंघन के लिए जन स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आरबीआई ने कहा कि दंड अनुपालन में कमियों पर आधारित है और इसका उद्देश्य बैंकों द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी लेनदेन या समझौते की वैधता पर निर्णय लेना नहीं है।
भारत-पाक तनाव से दोनों देशों पर बढ़ेगा कर्ज का जोखिम
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने से दोनों के लिए कर्ज जोखिम बढ़ेगा। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने दोनों देशों को सकारात्मक परिदृश्य के साथ ‘बीबीबी-’ व ‘सीसीसी+’ (स्थिर परिदृश्य) रेटिंग दे रखी है।
रेटिंग एजेंसी ने कहा, वर्तमान परिदृश्य में उसे संप्रभु क्रेडिट रेटिंग पर तत्काल कोई प्रभाव नहीं दिखता है। दो से तीन सप्ताह तक तनाव के उच्च स्तर पर बने रहने की आशंका है व दोनों पक्षों की ओर से महत्वपूर्ण सैन्य कार्रवाई की जा सकती है।
डाबर नहीं बेचेगी चाय और डायपर उत्पाद
खराब प्रदर्शन के चलते डाबर इंडिया चाय, वयस्क और शिशुओं के डायपर तथा सैनिटाइजिंग उत्पादों से बाहर निकल जाएगी। ये सेगमेंट राजस्व में एक फीसदी से कम योगदान करते हैं। कंपनी वित्त वर्ष 2028 तक मुनाफा व राजस्व में दो अंकों की वृद्धि का लक्ष्य रखी है। एजेंसी