आयकर विभाग ने हिंदुस्तान जिंक को आकलन वर्ष 2021-22 के लिए 1,170 करोड़ का नोटिस भेजा है। कंपनी ने मंगलवार को कहा, नेशनल फेसलेस असेसमेंट सेंटर की मांग पिछले वर्षों की तरह समान अस्वीकृतियों पर आधारित है। इस नोटिस का उस पर वित्तीय असर नहीं पड़ेगा। वह इसके खिलाफ संबंधित प्राधिकरण के पास अपील दायर करेगी।
इस बीच खबर है कि बायजू और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के बीच सुलह हो सकती है। बीसीसीआई के वकील तुषार मेहता ने मंगलवार को बताया, दोनों पक्षों के बीच सेटेलमेंट को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है। इसलिए, दिवालिया प्रक्रिया को स्थगित कर दिया जाए।
ऊंची कीमतों के कारण अप्रैल-जून में पांच फीसदी घटी सोने की मांग
रिकॉर्ड उच्च कीमतों के कारण देश में सोने की मांग 2024 की अप्रैल-जून तिमाही में पांच फीसदी घटकर 149.7 टन रह गई। 2023 की समान अवधि में यह 158.1 टन रही थी। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) के मुताबिक, मूल्य के लिहाज से सोने की मांग दूसरी तिमाही में 17 फीसदी बढ़कर 93,850 करोड़ रुपये पहुंच गई। अप्रैल-जून तिमाही में 24 कैरेट सोने की कीमतें प्रति 10 ग्राम 74,000 रुपये के स्तर को पार कर गई थीं।
सोना 550 रुपये महंगा
आभूषण कारोबारियों की मजबूत मांग से मंगलवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 550 रुपये महंगा होकर 71,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। हालांकि, चांदी बिना किसी उतार-चढ़ाव के 84,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रही।
चार कंपनियों के आईपीओ दस्तावेज वापस
विशाल मेगामार्ट, अवांस फाइनेंशियल सर्विसेज, साई लाइफ साइंसेज और बीएमडब्ल्यू के आईपीओ से संबंधित दस्तावेजों को सेबी ने वापस लौटा दिया है। इन कंपनियों ने कुछ नियमों का पालन नहीं किया है, जिससे बाजार नियामक ने उनके दस्तावेज वापस लौटा दिए हैं।
अदाणी समूह की तीन कंपनियों का बेहतर प्रदर्शन
अदाणी समूह की तीन कंपनियों अदाणी ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस और एनर्जी सॉल्यूंशस ने पहली तिमाही ने बेहतर वित्तीय प्रदर्शन किया है। टोटल गैस के सीईओ सुरेश मंगलानी ने कहा, हमने 1,000 ईवी चार्जिंग पॉइंट लगाए हैं। ग्रीन एनर्जी का एबिट्डा 23 फीसदी बढ़ गया है।